भाजपा में शामिल हो सकती हैं मुलायम की छोटी बहू अपर्णा, ये रही वजह…
लखनऊ। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही नेताओं में दलबदल का दौर शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी द्वारा तीन मंत्रियों समेत 14 विधायकों को अपने पाले में लाने के बाद अब भाजपा पलटवार के मूड में आ गई है। रविवार को सपा के दो एमएलसी व एक पूर्व विधायक को …
लखनऊ। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही नेताओं में दलबदल का दौर शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी द्वारा तीन मंत्रियों समेत 14 विधायकों को अपने पाले में लाने के बाद अब भाजपा पलटवार के मूड में आ गई है। रविवार को सपा के दो एमएलसी व एक पूर्व विधायक को पार्टी में शामिल करने के बाद अब भाजपा सपा और कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी में है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के परिवार में भाजपा सेंध लगाने की फिराक में है। मुलायम सिंह के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भाजपा के निशाने पर हैं।
वर्ष 2017 में अपर्णा समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट से प्रत्याशी रह चुकी हैं। हालांकि उस दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. रीता बहुगणा जोशी से वह चुनाव हार गई थी।
सूत्रों का कहना है कि पिछले सप्ताह दनादन तीन मंत्रियों समेत 14 विधायकों के इस्तीफे के बाद भाजपा के रणनीतिकारों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष किरकिरी का समाना करना पड़ा। पार्टी हाईकमान ने इस भगदड़ को मतदाताओं विशेषकर पिछड़े वर्ग के बीच पार्टी की छवि को लेकर नकारात्मक संदेश जाने का हवाला देते हुए ड्रेमैज कंट्रोल के निर्देश दिए गए।
इस काम में केंद्र सरकार के एक कैबिनेट व एक राज्य मंत्री को लगाया गया। जिसके बाद आनन फानन में मुलायम सिंह यादव के समधी और फिरोजाबाद की सिरसागंज सीट से सपा विधायक हरिओम यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।
मोदी-योगी की कई बार तारीफ कर चुकी हैं अपर्णा
अपर्णा बिष्ट यादव पहले भी मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात कर चुकी हैं। कई मौके पर वह सार्वजनिक मंचों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी की प्रशंसा भी कर चुकीं हैं। यही नहीं, अपर्णा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख रुपये दान किया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के कुछ समय बाद ही योगी राजधानी में अपर्णा यादव की कान्हा उपवन स्थित गोशाला का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान प्रदेश की राज्यमंत्री स्वाती सिंह के अलावा मुलायम सिंह के छोटे पुत्र और अपर्णा के पति प्रतीक यादव भी मौजूद थे। इन सबके बावजूद भाजपा और सपा के जिम्मेदार इस मसले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
योगी से ये है कनेक्शन
मुलायम सिंह की छोटी पुत्र बधू अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट अखिलेश सरकार में मुख्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं। अरविंद सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश में कई वर्षों तक पत्रकार रह चुके हैं। उत्तराखंड के मूल निवासी अरविंद सिंह बिष्ट और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सन्यास लेने से पूर्व नाम अजय सिंह बिष्ट ही था।
