बरेली: मासूम को बोरे में डालकर अपहरण की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बारादरी के संजय नगर में तीन लोगों ने दो साल के बच्चे को बोरे में बंद कर लिया। वह उसे अपहरण कर ले जा रहे थे लेकिन बच्चा रोने लगा। बच्चे के रोने की आवास सुनकर स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया। उसके बाद लोगों ने एक युवक को पकड़कर बच्चे को बचाया। …

बरेली,अमृत विचार। बारादरी के संजय नगर में तीन लोगों ने दो साल के बच्चे को बोरे में बंद कर लिया। वह उसे अपहरण कर ले जा रहे थे लेकिन बच्चा रोने लगा। बच्चे के रोने की आवास सुनकर स्थानीय लोगों ने शोर मचा दिया। उसके बाद लोगों ने एक युवक को पकड़कर बच्चे को बचाया।

उसके दो साथी मौके से भाग गए। लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने बारादरी थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

संजय नगर निवासी गौरव शर्मा किराना व्यापारी हैं। वह भाजपा महानगर ओबीसी कार्यकारिणी से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 12:30 बजे उनका बेटा रुद्रप्रताप (2) घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान क्षेत्र में स्थित अचार फैक्ट्री के पास का रहने वाला एक व्यक्ति अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

आरोप है कि तीनों व्यक्तियों में से एक ने रुद्रप्रताप को पकड़कर एक बोरे में डाल लिया और लेकर जाने लगे। उस दौरान घर पर रुद्रप्रताप की मां साधना शर्मा मौजूद थीं। वहीं उसके पिता गौरव शर्मा घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित अपनी दुकान पर थे। बताया कि बोरे के अंदर से रुद्रप्रताप के रोने की आवाज सुनकर वहां खड़े सौरभ, राखी व अन्य लोगों ने शोर मचाते हुए पकड़ने की कोशिश की लेकिन तीनों आरोप वहां से भाग निकले।

करीब 500 मीटर दूर पहुंचकर स्थानीय लोगों ने बच्चा ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया और बारादरी पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं बच्चे को सकुशल वापस पाते ही उसकी मां साधना शर्मा ने बेटे को गले से लगा लिया। बारादरी थाने पहुंचे गौरव शर्मा ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।

कबाड़ी की दुकान पर करता है काम
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय पहले ईंट पजाया चौराहे पर ऑटो रिक्शा चलाता था। किन्हीं कारणों की वजह से उसने ऑटो चलाना बंद कर दिया था। उसके बाद से वह बारादरी थाने के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर काम करने लगा। साथ ही वहीं ड्राइवर की नौकरी भी करता है। जानकारी के बाद बारादरी पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए एक पुलिसकर्मी को जब इलाके में भेजा तो पता चला कि आरोपी शराब पीने का आदी है। हालांकि आरोपी का कोई भी आपराधिक इतिहास नहीं निकला है।

गोद में उठाकर सड़क पार की थी साहब

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो काफी देर तक वह अपने ऊपर लगे इल्जाम को नकारता रहा। लेकिन सख्ती दिखाने के बाद उसने बताया कि बच्चा सड़क पर था। उसके बाद उसने बच्चे को गोद में उठाया और सड़क पार करने लगा। बताया कि उसी समय बच्चे के परिजनों व अन्य लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

बच्चे को गोद में लेकर करता प्यार
आरोपी निरंकरार को हिरासत में लेने के कुछ देर बाद उसकी मां थाने पहुंची। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अपहरण नहीं कर रहा था। बल्कि बच्चे को गोद में लेकर प्यार कर रहा था। बताया कि वह अक्सर गली-मोहल्ले के बच्चों को लाड़-दुलार करता रहता है। वहीं आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को ले जाकर उसका पालन करना चाहता था। उसकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।

सीसीटीवी में नहीं दिखे आरोपी के अन्य साथी
बारादरी पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज में निरंकार बच्चे को ले जाता दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज में निरंकार के साथ कोई अन्य व्यक्ति नहीं दिखाई दिया है। सीसीटीवी फुटेज आने के बाद बारादरी पुलिस ने अपहरणर्ता निरंकार के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।


आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भी भेज दिया गया है

—नीरज मलिक, इंस्पेक्टर, बारादरी

संबंधित समाचार