संभल : मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को महिला ने धुना
संभल, अमृत विचार। जिला अस्पताल में महिला स्वास्थ्य कर्मचारी से मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश कर रहे युवक को वहां मौजूद लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला कर्मचारी ने लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। अस्पताल में तैनात पुलिस कर्मियों ने युवक को लोगों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान …
संभल, अमृत विचार। जिला अस्पताल में महिला स्वास्थ्य कर्मचारी से मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश कर रहे युवक को वहां मौजूद लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला कर्मचारी ने लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। अस्पताल में तैनात पुलिस कर्मियों ने युवक को लोगों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान किसी ने आरोपी की पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
संभल में स्वास्थ्य विभाग में तैनात एएनएम जिला अस्पताल में गर्भवती महिला को डॉक्टर को दिखाने के लिए आई थी। वह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर गर्भवती को पहुंचाकर वापस लौट रही थी। इस दौरान एक युवक एएनएम का मोबाइल हाथ से छीन कर भागने लगा। मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को देखकर स्वास्थ्य कर्मी ने शोर मचा दिया। शोर को सुनकर अस्पताल में इलाज कराने आए लोगों ने दौड़कर मोबाइल चोरी के आरोपी को पकड़ लिया, जिससे वहां लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।
महिला कर्मचारी ने भीड़ के साथ मिलकर जूता से युवक की पिटाई कर दी। अस्पताल में चोर पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर गेट पर मौजूद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हिरासत में भी महिला कर्मचारी आरोपी को जूते से पीटती रही। पुलिस आरोपी युवक को लेकर कोतवाली पहुंची।
