मुरादाबाद : चुनाव में कंट्रोल आईडी से सोशल मीडिया पर नजर रखेगी पुलिस
मुरादाबाद,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करना अथवा किसी पार्टी, नेता आदि के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों की खैर नहीं होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखे हुए है। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करना अथवा किसी पार्टी, नेता आदि के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों की खैर नहीं होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया सेल ऐसे लोगों पर पैनी नजर रखे हुए है।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने यह प्रबंध किए हैं। हाईटेक दौर में चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया अहम भूमिका निभा रहा है। अलग-अलग तरीकों से मतदाताओं को रिझाने का प्रयास शुरू हो गया है। वोटरों को प्रभावित करने के सभी के अपने-अपने तरीके हैं। ऐसे में तमाम लोग ऐसे भी हैं जो सोशल मीडिया पर किसी पार्टी या नेता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दे रहे हैं।
ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल बनाया है। एसपी सिटी नोडल अधिकारी हैं। इस सेल में तीन एसआई, पांच कांस्टेबल और दो कंप्यूटर आपेरटर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक थाने पर ढाई सौ डिजिटल वालंटियर को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे जनपद में करीब चार हजार डिजिटल वालंटियर सोशल मीडिया पर निगरानी कर रहे हैं। इसके लिए पुलिस ने कंट्रोल आईडी बनाई हैं। इनके जरिए पुलिस कर्मी 24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर रखे हुए हैं। अब पलक झपकते ही पुलिस को आपत्तिजक पोस्ट की जानकारी हो जाएगी। फेक आईडी से की गई पोस्ट भी पुलिस तत्काल पकड़ लेगी।
ट्विटर एकाउंट पर भी रखी जा रही नजर
आपत्तिजनक पोस्ट, फर्जी खबरों, आचार संहिता उल्लंघन की पोस्ट ट्विटर पर करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके लिए पुलिस ने पर्सनल एकाउंट बनाए हुए हैं। इसके जरिए ट्विटर पर भी पुलिस की पैनी नजर है। चुनाव से संबंधित फर्जी खबरों का सत्यापन और खंडन ट्विटर पर @uppviralcheck से किया जाएगा।
एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों की निगरानी के लिए कंट्रोल आईडी बनाई गई हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी बनाई गई है। एसपी सिटी इसके नोडल अधिकारी हैं। इसके जरिए आपत्तिजक पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
