बरेली: भाजपा सरकार में मुस्लिम महिलाएं सुरक्षित- निदा खान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कभी आला हजरत खानदान की बहू रहीं निदा खान गुरुवार को एक बार फिर सुर्खियों में रहीं। कई जगह उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चलने लगीं लेकिन उन्होनें इसे कोरी अफवाह बताते हुए खबर का खंडन किया। मगर कई टीवी चैनलों को दिए अपने बयानों में वह भाजपा का समर्थन …

बरेली, अमृत विचार। कभी आला हजरत खानदान की बहू रहीं निदा खान गुरुवार को एक बार फिर सुर्खियों में रहीं। कई जगह उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चलने लगीं लेकिन उन्होनें इसे कोरी अफवाह बताते हुए खबर का खंडन किया। मगर कई टीवी चैनलों को दिए अपने बयानों में वह भाजपा का समर्थन करती नजर आईं। निदा खान ने कांग्रेस को समर्थन देने वाले आईएमसी प्रमुख और खानदान-ए-आला हजरत के मौलाना तौकीर रजा खान को भी आड़े हाथों लिया।

मौलाना तौकीर रजा के बयान पर उन्होनें कहा कि वह तो कुछ भी कह सकते हैं। निदा ने कहा कि आज मौलाना तौकीर प्रियंका गांधी के साथ लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा लगा रहे हैं। यह वही लोग हैं, जो लड़कियों का उत्पीड़न करते हैं। कभी उन्होनें अगर महिलाओं का साथ दिया होता महिलाएं उनके साथ खड़ी होतीं। आज हम जहां खड़े हैं, वो भाजपा की ही देन है। सपा की सरकार के दौरान हमारे ऊपर फर्जी मुकदमें लिखाने की कोशिश हुई। लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद यह सब बंद हुआ। लिहाजा अब मौलाना कांग्रेस के साथ आ गए क्योंकि वह चाहते हैं कि कैसे भी करके भाजपा सरकार को हटाया जाए।

उन्होनें कहा कि जब मेरा तीन तलाक का मामला चल रहा था तब मेरे खिलाफ फतवे दिए गए। समाज से मेरा बहिष्कार तक किया गया। भाजपा में महिलाओं को सम्मान मिलता है। तीन तलाक का जो कानून बना था उसका लोगों ने विरोध किया लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि काफी लोगों का घर टूटने से बच गया। सपा सरकार के दौरान मुझे धमकियां दी गईं। लेकिन भाजपा सरकार से काफी संख्या में मुस्लिम महिलाएं प्रेरित हैं। इस सरकार में मुस्लिम महिलाएं ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं। हालांकि उन्होनें भाजपा में जाने की बात से इनकार कर दिया।

संबंधित समाचार