अयोध्या: दो भिखारियों ने साथी की हत्या कर निकाली आंख, जानें मामला
अयोध्या। सरयू के घाट पर गुरुवार देर रात दो भिखारियों ने अपने ही साथी की ईंटों से कूचकर निर्मम हत्या कर डाली। यही नहीं भिखारियों ने मृतक की आंख भी निकाल ली थी। पूरी रात दर्द से तड़प रहे अधेड़ को जब सुबह घाट पर लोगों ने देखा तो अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे …
अयोध्या। सरयू के घाट पर गुरुवार देर रात दो भिखारियों ने अपने ही साथी की ईंटों से कूचकर निर्मम हत्या कर डाली। यही नहीं भिखारियों ने मृतक की आंख भी निकाल ली थी। पूरी रात दर्द से तड़प रहे अधेड़ को जब सुबह घाट पर लोगों ने देखा तो अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शैलेश पांडेय समेत पुलिस विभाग के तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच-पड़ताल के बाद शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पूरी घटना नया घाट चौकी से महज कुछ ही दूरी पर हुई है।
मामला अयोध्या कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सरयू नदी के तुलसी स्नानघाट का है। पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय श्याम भीख मांगकर गुजर बसर करने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक वह शराब पीकर गाली-गलौज करता था। उसने कई बार आरोपियों को भी बुरा भला कहा था। देर रात तकरीबन 1 बजे दो आरोपियों ने बदला लेने के लिए उस पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों ने लाठी-डंडों व ईंट से श्याम पर वार किया और अधमरा कर भाग गए। श्याम कड़ाके की सर्दी में पूरी रात घाट पर दर्द से कराहता रहा।
सुबह लोगों ने लहुलूहान देखा तो उसे श्रीराम चिकित्सालय भिजवाकर पुलिस को सूचित किया। इधर, चिकित्सकों ने श्याम को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे एसएसपी शैलेश पांडे, एसपी सिटी विजय पाल सिंह व सीओ समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल कर जायजा लिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान 60 वर्षीय राम बहादुर गुप्ता निवासी बिहार के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। महंत रामदास के अनुसार हत्यारों ने श्याम की आंख भी निकाल ली है।
मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में पता चला है कि तीनों व्यक्ति भीख मांगने का काम करते थे। गाली-गलौच करने वाले श्याम से बदला लेने के लिए दो आरोपियों ने हमला किया था…धर्मेंद्र मिश्रा, चौकी इंचार्ज, नया घाट।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: मुकदमे की तारीख पर आए युवक की कचहरी में गोली मारकर हत्या , जानें वजह
