अमरोहा : भूसा लेने गई महिला पर खूंखार कुत्तों का हमला, मौके पर मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा/उझारी, अमृत विचार। पशुओं के लिए खेत पर भूसा लेने गई महिला पर रविवार को थाना सैदनगली के गांव बिजनौरा में खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया। बुरी तरह से जख्मी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गांव बिजनौरा निवासी चमन सिंह की पत्नी नथिया (40) …

अमरोहा/उझारी, अमृत विचार। पशुओं के लिए खेत पर भूसा लेने गई महिला पर रविवार को थाना सैदनगली के गांव बिजनौरा में खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया। बुरी तरह से जख्मी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

गांव बिजनौरा निवासी चमन सिंह की पत्नी नथिया (40) खेत पर भूसा लेने गई थी। भूसा भरते समय आसपास घूम रहे खूंखार कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। हमले में बुरी तरह घायल महिला ने स्वयं को बचाने के लिए चिल्लाना शुरू किया। वह लोगों के आने तक खुद भी कुत्तों से लड़ती रही। जब तक जान रही तब तक वह खुद को बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ती एवं छटपटाती रही, लेकिन कुत्तों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और वह महिला को नोंचते रहे।

शरीर पर कई जख्म होने और अधिक खून बहने के कारण वह बुरी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। फिर भी खूंखार कुत्ते उसका मांस नोचते रहे। इस दौरान किसी ने घटना की सूचना गांव में दी। गांव से लोग लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल की तरफ दौड़े, परंतु तब तक कुत्ते महिला को बुरी तरह घायल कर चुके थे। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया। उसके बाद ग्रामीण नथिया को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस और जन प्रतिनिधियों से क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़े की मांग की। बताते चलें कि इससे पूर्व में भी 11 दिसंबर को पास के गांव हुसैनपुर में 13 वर्षीय किशोरी पर भी खूंखार कुत्तों ने हमला कर दिया था, जिसमें किशोरी की मौत हो गई थी।

संबंधित समाचार