अयोध्या : यहां अभी तक बड़े दलों ने मैदान में नहीं उतारे अपने सूरमा, जनता पशोपेश में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। विधानसभा चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। अयोध्या जिले में नामांकन भी एक फरवरी से शुरू हो जाएगा। नामांकन शुरू होने में महज एक सप्ताह ही बचे हैं, लेकिन किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। भाजपा, सपा, बसपा व अन्य दल ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। अयोध्या …

अयोध्या। विधानसभा चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। अयोध्या जिले में नामांकन भी एक फरवरी से शुरू हो जाएगा। नामांकन शुरू होने में महज एक सप्ताह ही बचे हैं, लेकिन किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। भाजपा, सपा, बसपा व अन्य दल ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।

अयोध्या के चुनावी इतिहास में संभवता पहली बार ऐसा है कि जब नामांकन के सप्ताह भर रह जाने के बाद भी बड़े राजनीतिक दलों ने अपने सूरमाओं को मैदान में नहीं उतारा है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने अन्य दलों के मुकाबले थोड़ी तेजी दिखाई है। पार्टी ने जिले की तीन सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इधर, पार्टियों के द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा न होने से जनता पशोपेश में है और कार्यकर्ता निराश हैं।

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद से यहां की सीट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कुछ दिन पहले तक चर्चा थी कि अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं चुनाव लड़ेंगे, लेकिन ऐन मौके पर भाजपा ने पहले चरण के प्रत्याशियों की सूची जारी की और योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी गई।

हालांकि अयोध्या विधानसभा से भाजपा के सीटिंग विधायक वेद प्रकाश गुप्ता हैं। इसके बावजूद कई भाजपा नेता अपनी दावेदारी को लेकर ताल ठोंक रहे हैं। सपा की ओर से भी अभी अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन तेज नारायण पांडे पवन का अयोध्या विधानसभा से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। कांग्रेस व बसपा की बात करें तो अभी दोनों ही पार्टियों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अन्य दल भी अभी पूरी तरह से खामोश हैं।

वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सूर्यकांत पांडे को अयोध्या से मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी ने भी जिले की तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। गोसाईगंज से आलोक द्विवेदी, रुदौली से मनोज मिश्रा और मिल्कीपुर से हर्षवर्धन को अपना उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अयोध्या व बीकापुर विधानसभा के प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। गौरतलब है कि पांचवें चरण में अयोध्या जिले में चुनाव होना है। 27 फरवरी को अपने-अपने पक्ष में वोटिंग कराने के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है।

अयोध्या जिले में पांच विधानसभाएं, प्रचार भी जोर पर

अयोध्या जिले में पांच विधानसभाएं हैं, जिसमें अयोध्या, रूदौली, बीकापुर, गोसाईगंज व मिल्कीपुर शामिल हैं। इस समय पांचों जगह पर भाजपा के ही सीटिंग एमएलए हैं। यहां यह बात जानने योग्य है कि प्रत्याशियों की घोषणा न होने के बावजूद दावेदार प्रचार करने में जुटे हुए हैं। दावेदार कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर पार्टियों की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रहे हैं।

आज शाम तक आ सकती है भाजपा उम्मीदवारों की सूची

क्षेत्रीय मंत्री भाजपा अवध क्षेत्र कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति की मंगलवार को दिल्ली में बैठक होनी है। संभवता शाम तक प्रत्याशियों की सूची आ सकती है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अयोध्या जिले में एक-एक बूथ पर 50-50 पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जिसमें पन्ना प्रमुख भी शामिल हैं। प्रत्येक पन्ना प्रमुख 60-60 लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डलवाने का काम करेगा।

संबंधित समाचार