बिजनौर : चढ़त के दौरान बारातियों को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। नूरपुर-धामपुर मार्ग पर गांव मोरना में तेज रफ्तार कार ने तीन बारातियों को रौंद दिया। जिससे एक की मौत हो गई, जबकि दो बाराती घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। रविवार की रात थाना क्षेत्र के गांव अलीनगर पालनी निवासी …

बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। नूरपुर-धामपुर मार्ग पर गांव मोरना में तेज रफ्तार कार ने तीन बारातियों को रौंद दिया। जिससे एक की मौत हो गई, जबकि दो बाराती घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है।

रविवार की रात थाना क्षेत्र के गांव अलीनगर पालनी निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री की शादी थी। बारात शिवालाकलां थाने के गांव कैमरी निवासी नीतीश कुमार पुत्र तेजपाल के यहां से आई थी। शादी का कार्यक्रम लड़की पक्ष ने बारात के स्वागत के लिए मोरना स्थित वैकेंट हाल में किया था। वैकेंट हाल के बाहर ही नूरपुर-धामपुर मार्ग पर बारात की चढ़त हो रही थी। बताया जाता है कि चढ़त के दौरान धामपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही वैगनआर कार बारातियों पर चढ़ गई।

जिससे दुल्हन का भाई शुभम, वर पक्ष से कैमरी निवासी सत्यपाल सिंह पुत्र रामकिशन और शेरगढ़ निवासी उमेश कुमार पुत्र महीपाल गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना से मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए धामपुर ले जाया गया। जहां सतपाल सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायलों की हालत नाजुक देखते हुए परिजन मुरादाबाद ले गए।

बाद में विवाह की रस्म पूरी कर वधू को विदा किया गया। मृतक पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार