देवरिया: सपा ने किया वादा, कहा- जिले में स्थापित कराएंगे चीनी मिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवरिया। समाजवादी पार्टी(सपा) की पूर्ववर्ती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में सपा सरकार बनने का दावा करते हुए वादा किया है कि पर कुशीनगर जिले की ढाड़ा चीनी मिल की तर्ज पर देवरिया में भी चीनी मिल स्थापित की जाएगी। देवरिया जिले के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र …

देवरिया। समाजवादी पार्टी(सपा) की पूर्ववर्ती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में सपा सरकार बनने का दावा करते हुए वादा किया है कि पर कुशीनगर जिले की ढाड़ा चीनी मिल की तर्ज पर देवरिया में भी चीनी मिल स्थापित की जाएगी।

देवरिया जिले के पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र से ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी की सपा से उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। उन्होंने मंगलवार को यूनीवार्ता को बताया कि वह पार्टी नेतृत्व से टिकट की हरी झंडी मिलने के बाद क्षेत्र में घर घर जाकर जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के शासनकाल से उब चुकी है। जनता ने इस बार चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कभी चीनी का कटोरा कहे जाने वाले देवरिया जिले की चीनी मिलों को बसपा और भाजपा के शासनकाल में एक-एक कर बेच दिया गया। जिस कारण यहां का गन्ना किसान बदहाल होता गया। आज स्थिति यह है कि देवरिया जिले में एक मात्र प्रतापपुर चीनी मिल चल रही है।

वरिष्ठ सपा नेता ने कहा कि हमारी पहल पर ही कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र में ढाड़ा चीनी मिल स्थापित हुई थी। इसका उद्घाटन मुलायम सिंह यादव ने किया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार बनने पर देवरिया जिले में एक चीनी मिल स्थापित करायी जाएगी।

भाजपा सरकार के प्रदर्शन को बेहद निराशाजनक बताते हुए त्रिपाठी ने कहा कि बीते पांच साल से किसान बदहाल हैं। युवा बेरोजगार हैं। इस शासन में किसी का सम्मान सुरक्षित नहीं रहा है। मंहगाई चरम पर है। गन्ना किसानों का भुगतान अब भी बकाया है।

उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री करने का ऐलान कर चुके हैं। पेंशन व्यवस्था बहाल करने और 22 लाख रोजगार के नये अवसर देने का वादा समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचायेगा। उन्होंने कहा कि सपा जनता के हितों की रक्षा के कटिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी।

पढ़ें- लखनऊ: पहले चरण के चुनाव के लिए 658 उम्मीदवारों के नामांकन पाए गए सही

गौरतलब है कि चुनाव में त्रिपाठी का संभावित मुकाबला योगी सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही से होना तय है। ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने शाही पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा विधायक के कार्यकाल में इस विधानसभा में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। सड़के टूटी हैं। कानून व्यवस्था चौपट है। किसी का सम्मान सुरक्षित नहीं है। पुलिस भी सत्ता के दबाव में काम करते दिखती रही थी।

उन्होंने कहा कि कमोवेश यही स्थिति प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में है। इसलिये पूरे प्रदेश में बदलाव की बयार बह रही है और सपा का सरकार में आना तय है।

संबंधित समाचार