अमरोहा : महबूब अली सैनी राम सिंह सैनी सहित पांच उम्मीदवारों ने किया नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के पांचवें दिन अमरोहा सीट से समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार महबूब अली, भाजपा से राम सिंह सैनी, कांग्रेस से सलीम खान समेत पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान एसपी पूनम ने भी नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। नामांकन के चलते सुबह …

अमरोहा, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के पांचवें दिन अमरोहा सीट से समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार महबूब अली, भाजपा से राम सिंह सैनी, कांग्रेस से सलीम खान समेत पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान एसपी पूनम ने भी नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। नामांकन के चलते सुबह से ही कलेक्ट्रेट के अंदर व बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दूसरे चरण के चुनाव के लिए 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को नामांकन के पांचवें दिन पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अमरोहा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राम सिंह सैनी ने नामांकन किया।

सपा उम्मीदवार महबूब अली अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन स्थल पर पहुंच नामांकन कराया। इसके बाद नौगांवा सादात विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार समरपाल सिंह ने नामांकन किया। अमरोहा से कांग्रेस प्रत्याशी सलीम खान और धनौरा से सपा प्रत्याशी विवेक सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम रहे। मंगलवार सुबह एसपी पूनम ने नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के लिहाज से दिशा निर्देश दिए। एडीएम भगवान शरण ने बताया कि मंगलवार को पांच प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

अपनी जमानत बचाने का प्रयास कर रहे दूसरे प्रत्याशी : महबूब अली
मंगलवार को अमरोहा सीट से सपा प्रत्याशी महबूब अली ने अपना नामांकन कराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। मुकाबले के सवाल पर महबूब अली ने कहा कि कोई टक्कर में है ही नहीं। विपक्षी प्रत्याशी केवल अपनी जमानत बचाने के प्रयास में लगे हुए हैं। कहा कि मुकाबला केवल बराबरी के नेता के साथ होता है।

पिछले 20 सालों में शहर की दशा नहीं सुधार पाए विधायक : राम सिंह सैनी
नामांकन कराने के बाद भाजपा प्रत्याशी राम सिंह ने सपा उम्मीदवार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों से विधायक शहर की दशा नहीं सुधार पाए हैं। जरा सी बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है। पिछली सरकारों में तालाबों पर कब्जे करवाए गए। लेकिन भाजपा सरकार में भूमाफिया पर कार्रवाई की गई।

मुकाबला किसी से नहीं, यह मुद्दों की लड़ाई : सलीम खान
कांग्रेस उम्मीदवार सलीम खान ने अपना नामांकन किया। कहा कि पिछले 20 सालों में अमरोहा विकास नहीं हुआ। जिले में कोई शिक्षण संस्थान देने का काम नहीं किया। कहा कि अमरोहा में पानी निकासी की बड़ी समस्या है। अगर विधायक बना तो सबसे पहले इस समस्या का हल कराया जाएगा। कहा कि किसी से मुकाबला करने नहीं आए है।

गठबंधन के मुकाबले में कोई नहीं: विवेक सिंह
धनौरा विधानसभा सीट से गठबंधन उम्मीदवार विवेक सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और जयंत चौधरी का गठबंधन इतना मजबूत है कि कोई और मुकाबले में नहीं है। विकास के मुद्दे, स्वास्थ्य व स्थानीय लोगों की समस्याएं जानने को लेकर लोगों के बीच में जा रहे हैं।

भाजपा सरकार में गरीब धरातल पर पहुंचा: समरपाल सिंह
नौगांवा सादात विधानसभा से सपा उम्मीदवार समरपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों का विकास नहीं हुआ। भाजपा सरकार केवल अमीरों की है। किसानों का सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा सरकार में हुआ। समरपाल सिंह ने पीएम पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जाट समाज ने पीएम को भी झुकने का मजबूर कर दिया है।

 

संबंधित समाचार