पीलीभीत: बरखेड़ा-नवाबगंज रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार से लूट, विरोध करने पर मारी गोली
पीलीभीत, अमृत विचार। बाइक से ननिहाल जाने को निकले युवक को नवाबगंज -बरखेड़ा मार्ग पर गाजीपुर कुंडा के पास चार हमलावरों ने रोककर पिटाई की साथ ही युवक से नकदी और सामान लूट लिया। तीन हमलावरों को पीड़ित ने पहचान लिया, जबकि चौथे को अज्ञात बताया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती …
पीलीभीत, अमृत विचार। बाइक से ननिहाल जाने को निकले युवक को नवाबगंज -बरखेड़ा मार्ग पर गाजीपुर कुंडा के पास चार हमलावरों ने रोककर पिटाई की साथ ही युवक से नकदी और सामान लूट लिया। तीन हमलावरों को पीड़ित ने पहचान लिया, जबकि चौथे को अज्ञात बताया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एएसपी, सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। नामजदगी के बावजूद किसी तरह की कोई रंजिश न बताए जाने पर पुलिस पड़ताल में जुटी है। तीन टीमें खुलासे में लगा दी गई है, जो छानबीन कर रही हैं।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर गांव के निवासी अरविंद कुमार (29) पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे बाइक से अपने ननिहाल बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सकतपुर जा रहे थे। बरखेड़ा-नवाबगंज मार्ग पर गाजीपुर कुंडा के पास पहुंचे। जहां चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गाली गलौज करते हुए हमला बोल दिया। लूटपाट करते हुए 31500 रुपये, लैपटॉप, चार्जर समेत अन्य सामान भी लूट लिया।
विरोध करने पर तमंचे से फायर कर पेट में गोली मार दी। जिसमें वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।इसके बाद हमलावर भाग गए। तीन लोगों की पहचान करने की भी बात कही, लेकिन कोई रंजिश नहीं बताई। राहगीरों ने सड़क पर युवक को पड़ा देख 108 एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया।वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
बरखेड़ा इंस्पेक्टर केके वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी जुटाई। इसके बाद एएसपी डॉ.पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ बीसलपुर प्रशांत कुमार भी गए और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। नामजद किए जा रहे युवकों को भी पुलिस ने तलाशना शुरू कर दिया है। एसपी ने पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन कर जल्द खुलासा करने को टीम लगाई है।
पुरानी एफआईआर के सहारे खुलासे तक पहुंचने की तैयारी
पीड़ित पक्ष की ओर से तीन हमलावरों की पहचान करते हुए नाम बताए गए हैं। मगर, कोई रंजिश अभी नहीं बताई है। मगर, पुलिस को कोई न कोई रंजिश होने का शक जाहिर हुआ है। इसी को लेकर की गई सुरागरसी के बाद पुलिस को कुछ क्लू हाथ लगा है। छह माह पूर्व एक महिला की ससुराल में मौत के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसी को लेकर कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आए हैं।
उन्हीं को लेकर रंजिश होने का भी अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल टीेमें कर रही है। पीड़ित पक्ष से भी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके अलावा नामजद किए जाने वाले हमलावरों को पकड़ने पर फोकस किया है। ताकि उनसे पूछताछ के बाद तस्वीर को स्पष्ट किया जा सके। इसके लिए टीमें लगातार दबिश देती रही।
मेरी कोई रंजिश नहीं
पीड़ित युवक ने बताया वह ननिहाल जा रहा था। इसी बीच चार लोगों ने रोक लूटा और फिर गोली मार दी। तीन को पहचान लिया था। आरोपियों से किसी तरह की रंजिश नहीं है। अब उन्होंने क्यों गोली मारी, इसकी वजह पता नहीं है। हो सकता है, पहचान होने के कारण गोली मारी गई हो।
कराई जा रही छानबीन, खुलासा जल्द
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। लूट के बाद गोली मारने का आरोप लगाया गया है। तीन की पहचान भी पीड़ित के द्वारा कर ली गई है। टीमें सुरागरसी में लगी हुई हैं। नामजद किए गए हमलावरों की धरपकड़ के भी प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। सभी बिंदुओं को दिखवाया जा रहा है।
– दिनेश कुमार पी, एसपी
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: सपा ने बीसलपुर में दिव्या गंगवार को बनाया प्रत्याशी
