रामपुर: डा. तजीन फात्मा समेत छह दावेदारों के नामांकन-पत्र निरस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। स्वार से विकल्प के तौर पर सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भरने वाली शहर विधायक डा. तजीन फात्मा के साथ ही बिलासपुर, स्वार और मिलक के छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में निरस्त कर दिए गए हैं। फिलहाल, पांचों विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी दंगल में अब 46 प्रत्याशी मैदान …

रामपुर, अमृत विचार। स्वार से विकल्प के तौर पर सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भरने वाली शहर विधायक डा. तजीन फात्मा के साथ ही बिलासपुर, स्वार और मिलक के छह प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में निरस्त कर दिए गए हैं। फिलहाल, पांचों विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी दंगल में अब 46 प्रत्याशी मैदान में डटे रह गई हैं। रामपुर और चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से कोई नामांकन पत्र जांच में निरस्त नहीं हुआ है।

शनिवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की जांच हुई। जिसमें स्वार-टांडा से सपा की विकल्प के तौर पर प्रत्याशी डा. तजीन फात्मा का पर्चा खारिज कर दिया गया। उन्होंने पर्चा विकल्प के तौर पर भरा था, यदि उनके बेटे अब्दुल्ला के नामांकन में कोई दिक्कत आती तब उनका नाम निर्देशन पत्र निरस्त नहीं होता। नियमानुसार उनका पर्चा निरस्त हो गया। डा. तजीन फात्म सपा सांसद मोहम्मद आजम खां की पत्नी और अब्दुल्ला आजम खां की मां हैं। स्वार विधानसभा सभा क्षेत्र से जन अधिकार पार्टी के गुलाब सिंह, बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रदीप कुमार का बिलासपुर से अपना दल बलिहारी पार्टी के बब्लू और निर्दलीय अब्दुल कादर का पर्चा निरस्त हो गया है।

मिलक विधानसभा क्षेत्र से वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राजेश कुमार का पर्चा भी निरस्त हुआ है। इसके साथ ही जांच में चमरौआ और रामपुर विधानसभा सीट से किसी भी प्रत्याशी का नामांकन रद्द नहीं हुआ है। शहर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां पहली बार चुनाव मैदान में हैं। हालांकि, इससे पहले वह स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं। इनके अलावा सपा के टिकट पर पूर्व मंत्री नौ बार विधायक रह चुके सांसद मोहम्मद आजम खां चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के टिकट पर पहली बार शहर विधानसभा क्षेत्र से आकाश कुमार सक्सेना मैदान में हैं।

रामपुर विधानसभा सीट से तीन निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी मैदान में हैं और किसी प्रत्याशी का नामांकन निरस्त नहीं हुआ है। चमरौआ विधान सभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर पहली बार पूर्व मंत्री निसार हुसैन के पुत्र अब्दुल मुस्तफा हुसैन अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके अलावा कांग्रेस के टिकट पर पूर्व विधायक अली यूसुफ अली और सपा के टिकट पर पूर्व विधायक नसीर अहमद खां चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा के टिकट पर मोहन कुमार लोधी चुनावी मैदान में हैं इनके अलावा चार निर्दलीयों समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।

बिलासपुर से भाजपा के बलदेव औलख, सपा से अमरजीत सिंह, कांग्रेस से संजय कपूर, बसपा से रामौतार कश्यप समेत 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। मिलक से भाजपा की राजबाला, सपा से विजय सिंह, बसपा से सुरेंद्र सागर, कांग्रेस से एकलव्य वाल्मीकि समेत छह प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं स्वार क्षेत्र से अपना दल एस से नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां, सपा से अब्दुल्ला आजम, बसपा से मास्टर शंकरलाल सैनी, कांग्रेस से रामरक्षपाल सिंह समेत 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।

बिलासपुर विधान सभा क्षेत्र से इनके नामांकन हुए निरस्त
अभ्यर्थी                                   पार्टी
1-बब्लू                           अपना दल बलिहारी पार्टी
2-अब्दुल कादर                निर्दलीय

34- स्वार विधानसभा सभा क्षेत्र से निरस्त हुए नामांकन
डा. तजीन फातिमा                समाजवादी पार्टी
गुलाब सिंह                           जन अधिकार पार्टी
प्रदीप कुमार                        बहुजन मुक्ति पार्टी

38-मिलक विधानसभा क्षेत्र से इनके नामांकन हुए निरस्त
राजेश कुमार                  वंचित समाज इंसाफ पार्टी

संबंधित समाचार