बिजनौर: लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या
अमृत विचार, बिजनौर। प्रेम-प्रसंग के चलते शनिवार को कुछ लोगों ने बेगावाला गांव से लौट रहे साहनपुर निवासी एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। गुस्साए परिजनों ने शव दफनाने से इन्कार करते हुए हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस ने दो आरोपितों की गिरफ्तारी कर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर …
अमृत विचार, बिजनौर। प्रेम-प्रसंग के चलते शनिवार को कुछ लोगों ने बेगावाला गांव से लौट रहे साहनपुर निवासी एक युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। गुस्साए परिजनों ने शव दफनाने से इन्कार करते हुए हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस ने दो आरोपितों की गिरफ्तारी कर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
नगर पंचायत साहनपुर के मोहल्ला सानियान निवासी शादाब अपने दोस्त मोहसीन के साथ एक्टिवा स्कूटी से बिजनौर के पास बेगावाला गांव में किसी रिश्तेदार के पास गया था। बताया गया कि जब वह वापस लौट रहा था तो रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी स्कूटी रोककर लाठी-डंडों और सरिया से हमला बोल दिया। हमले में शादाब को गंभीर चोट लगी और वहीं गिर गया, जबकि उसका साथी किसी तरह वहां से बचकर भाग गया। उधर से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल शादाब को अस्पताल में भर्ती कराकर उसके परिजनों को सूचना दी।
सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंच गए। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तौड़ दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराकर घर ले गए। यहां लोगों की भीड़ जमा हुई तो परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर और पुलिस बल तैनात कर दिया। परिजनों ने कार्रवाई होने तक शव दफनाने से इन्कार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी बात नहीं बनी तो पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अन्य लोगों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ही परिजन शव दफनाने के लिए माने।
पड़ोसी युवती से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
ग्रामीणों के अनुसार, शादाब का पड़ोस की एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसमें युवती के परिजन उसका रिश्ता बेगावाला करना चाहते थे। युवती ने अपने रिश्ते की जानकारी शादाब को दी तो यह बात शादाब को हज्म नहीं हो रही थी। बताते हैं कि शादाब रिश्ता तुड़वाने के लिए बेगावाला गांव गया था। इस बात से नाराज युवती के परिजनों ने उस पर हमला कर घटना को अंजाम दिया।
वर्जन- पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने शादाब की पीटकर हत्या की है। मामले में चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो आरोपी गिरफ्तार भी कर लिए हैं। — राधेश्याम, कोतवाली प्रभारी
