बदायूं: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई मोटरसाइकिल, दो की मौत
बिल्सी, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में बिसौली रोड पर गांव परौली और गुधनी के बीच एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। मोटरसाइकिल पर एक महिला समेत तीन लोग सवार थे। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला घायल हो गई। बिसौली कोतवाली के गांव परसिया निवासी मुकेश …
बिल्सी, अमृत विचार। कोतवाली बिल्सी क्षेत्र में बिसौली रोड पर गांव परौली और गुधनी के बीच एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। मोटरसाइकिल पर एक महिला समेत तीन लोग सवार थे। जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि महिला घायल हो गई।
बिसौली कोतवाली के गांव परसिया निवासी मुकेश कुमार (50) पुत्र चंपत सिंह अपनी पत्नी गुड्डी (45) और गिरीश (50) के साथ कोतवाली उझानी क्षेत्र के कछला पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव जोरा पाल वाला से तेरहवीं में शामिल होकर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव वापस जा रहे थे। गांव परौली और गुधनी के बीच मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गई। मुकेश कुमार और गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गुड्डी घायल होकर तड़पने लगी।
राहगीरों ने पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव व घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने दो की मौत की पुष्टि कर दी। घायल महिला को भर्ती किया गया है जबकि दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कोतवाल दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल पेड़ से टकरा गई थी। जिसमें दो की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
