मुरादाबाद : चुनावी माहौल पर नजर रखेंगे चौकीदार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने हाईटेक दौर में पीछे छूट गए अपने सबसे मजबूत सूचना तंत्र को सक्रिय करने की पहल शुरू कर दी है। ये सूचना तंत्र गांव की निगरानी करने वाले चौकीदार हैं। अधिकारियो ने इनके सहारे काफी हद तक ‘चुनावी महाभारत’ से निपटने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने हाईटेक दौर में पीछे छूट गए अपने सबसे मजबूत सूचना तंत्र को सक्रिय करने की पहल शुरू कर दी है। ये सूचना तंत्र गांव की निगरानी करने वाले चौकीदार हैं। अधिकारियो ने इनके सहारे काफी हद तक ‘चुनावी महाभारत’ से निपटने की तैयारी कर ली है।

मजबूत ‘सुरागकशी’ के लिए जाने जाने वाले चौकीदारों को एक बार फिर उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया जा रहा है। ये चौकीदार गांव में आने वाले अजनबी मेहमानों और दावतों पर नजर रखेंगे। एडीजी ने सम्भल में इनके संग सम्मेलन कर इसकी शुरुआत कर दी है। इसके बाद थानावार बैठक कर चौकीदारों को जिम्मेदारी देने की पहल शुरू हो गई है। चुनाव चाहे देश की संसद का हो या फिर गांव की, हर चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की जिम्मेदारी खाकी के कंधों पर होती है।

यह ही वजह है कि चुनाव की सुगबुगाहट शुरू होने के साथ ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी कवायद तेज कर देते हैं। क्रिटिकल और वल्नरेबल केंद्रों व बूथों का चयन करने के साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई के जरिए शिकंजा कसना शुरू कर दिया जाता है। इस बार भी विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों की मशक्कत जारी है। दूसरे राज्यों से आने वाली शराब, ड्रग्स् और पैसे की आवक को रोकने के लिए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा गांव में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए चौकीदारों को सक्रिय किया जा रहा है।

एडीजी ने चौकीदारों पर जताया भरोसा, पुलिस रहेगी संपर्क में
विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए एडीजी राजकुमार ने एक बार फिर मजबूत सूचना तंत्र का तमगा हासिल कर चुके चौकीदारों पर भरोसा जताया है। चौकीदारों को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराने के लिए एडीजी ने सम्भल में सम्मेलन किया, जिस पर उन्होंने चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की। गांव में आने-जाने वाले हर अजनबी मेहमान, चोरी छिपे होने वाली दावतों और कानून के लिए खतरा बनने वाले झगड़ों के संबंध में थाना पुलिस को सूचना देने की अपील की। वहीं पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे चौकीदारों के संपर्क में रहने के साथ ही हर सूचना पर कार्रवाई करें।

डीआईजी शलभ माथुर ने कहा कि चौकीदार पुलिस का मजबूत सूचना तंत्र होते हैं। इस चुनाव को भी शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए उनकी मदद ली जा रही है। वहीं थानेदारों को भी आदेश दिए गए हैं कि हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।

ये भी पढ़ें :

चुनावी पाबंदियों ने फीका कर दिया प्रचार का माहौल

चुनावी जंग : इस बार हर सीट पर रोमांचक होगा मुकाबला, सभी दलों ने अपने हिसाब से बनाईं रणनीतियां

संबंधित समाचार