अयोध्या में चढ़ने लगा चुनावी पारा, सियासतदानों ने एक दूसरे पर खूब छोड़े तीर…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या का भले ही न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस हो, लेकिन सियासतदानों का पारा हाई चल रहा है। चुनावी शोर थमा जरूर है पर निशाना साधने का काम जोरों पर चल रहा है। रविवार को अयोध्या की सियासत पूरे दिन छलांगे मारती रही। आरोप-प्रत्यारोप सुबह से लेकर शाम तक चलता रहा। शुरुआत भाजपा ने …

अयोध्या। अयोध्या का भले ही न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस हो, लेकिन सियासतदानों का पारा हाई चल रहा है। चुनावी शोर थमा जरूर है पर निशाना साधने का काम जोरों पर चल रहा है। रविवार को अयोध्या की सियासत पूरे दिन छलांगे मारती रही। आरोप-प्रत्यारोप सुबह से लेकर शाम तक चलता रहा। शुरुआत भाजपा ने की और अंत कांग्रेस से टिकट कटने के बाद एक महिला नेत्री ने किया।

यादव सिर्फ भाजपा के साथ: केंद्रीय मंत्री

भाजपा की अवध क्षेत्र की चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री शोभा करन्दलाजे रविवार को अयोध्या पहुंचीं। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा के सभी उम्मीदवार पिछली बार की अपेक्षा अधिक मतों से विजय होंगे।

केंद्रीय मंत्री शोभा करन्दलाजे

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जाति और धर्म की राजनीति कर रहे हैं। सिर्फ और सिर्फ यादव और मुस्लिम की बात कर रहे हैं, जबकि असल बात तो यह है कि यादव भाजपा के साथ है। भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होने कहा कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में डोर टू डोर कैम्पेन किया, जिसमें हर कोई मोदी व योगी को चाहता है।

पार्टी के सभी उम्मीदवार बड़े अंतर से जीत को ओर बढ़ रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने रेतिया में जनसम्पर्क के साथ संत-महंतों व पार्टी के नेताओं से संगठनात्मक व चुनावी दृष्टिकोण से रणनीति तय करने के लिए सम्पर्क किया। उन्होंने महंत कमलनयनदास, पूर्व सांसद विनय कटियार,  शक्ति सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू से मुलाकात की।

खब्बू से रोज मिल रहे सैकड़ों लोग: अभय सिंह

गोसाईगंज के सपा प्रत्याशी अभय सिंह ने जेल प्रशासन पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जेल में मुलाकात के रोक लगने के बाद भी भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के पति खब्बू तिवारी से सैकड़ों लोग प्रतिदिन मुलाकात कर रहे हैं।

गोसाईगंज के सपा प्रत्याशी अभय सिंह

अभय सिंह ने कहा कि जिला व जेल प्रशासन की मदद से उनसे तमाम लोग मिलने पहुंच रहे हैं। गुलाबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय पर उन्होंने दावा किया कि मेरे पास वीडियो व फोटोज हैं। मीडिया चाहे तो मैं उन्हें दे भी सकता हूं। इसकी शिकायत भी चुनाव आयोग से कई बार की गई है। जेल प्रशासन चुनाव को प्रभावित करने का काम कर रहा है।

अगर रोक नहीं लगाई गयी तो निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय में जनता त्रस्त थी। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का बुरा हाल है। सीएचसी, पीएचसी व पुलिस वाले पैसे वसूल रहे हैं। इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अब जनता ने मन बना लिया है और भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। आरती तिवारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें किसी भी तरह का सहानुभूति वोट नहीं मिलेगा। कभी गरीबों की समस्याएं नहीं जानी अब दिखावे से कोई फायदा नहीं है।

सुहाग की सलामती को घर-घर वोट की भीख मांग रहीं आरती

गोसाईगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी लगातार जनसंपर्क बढ़ाए हुए हैं। वह घर-घर जाकर अपने पति इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की सलामती के नाम पर वोट की भीख मांग रही है। आरती के चुनाव प्रचार का बड़ा ही व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जनसंपर्क के दौरान आरती ने कहा कि रामलला का आशीर्वाद है कि शीर्ष नेतृत्व ने टिकट प्रदान कर विरोधियों को कड़ा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि एक बड़ी साजिश के तहत मेरे पति को फंसाया गया, जबकि जनता जानती है गरीबों, मजलूमों के लिए वह सदा लड़ते रहे। उन्होंने कहा कि गोसाईगंज की जनता फैसला कर चुकी है।  जो तत्व साजिश के तहत उनके पति और परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं उन्हें आगामी दस मार्च को जनता का जवाब मिल जाएगा।

आरती ने कहा कि एक बार फिर हम विरोधियों को धूल चटाने का काम करेंगे। पति ने क्षेत्र के लिए अनेकों विकास कार्य किए हैं। महिलाओं में आरती के प्रति काफी संवेदनाएं भी देखी जा रही है। गौरतलब है कि फर्जी मार्कशीट के मामले में जेल में जाने के बाद खब्बू के समर्थक लगातार उनकी पत्नी आरती के लिए टिकट की मांग कर रहे थे। शीर्ष नेतृत्व ने भी उनकी मांगों को सुन लिया।

एक बेटी को टिकट, दूसरे ने कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा

अयोध्या विधानसभा के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। सदर सीट से रीता मौर्या को उम्मीदवार बनाया है। लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारों को बुलंद करते हुए पार्टी ने अयोध्या सीट पर पहली बार महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा है।

इधर, रीता मौर्या के टिकट का ऐलान हुआ तो दूसरी तरफ एक दिन पहले ही कांग्रेस से निष्कासित हुई पूर्व महिला जिलाध्यक्ष ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दरअसल मधु पाठक को कांग्रेस ने बीकापुर से टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद उन्हें तगड़ा झटका लगा था और वह हॉस्पिटलाइज्ड हो गई थीं। इसके बाद से वह नाराज चल रही थीं। एक दिन पहले ही उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

रविवार को उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मधु पाठक ने कांग्रेस के बड़े पदाधिकारीयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि पार्टी में मेहनती महिला कार्यकर्ताओं की कोई जगह नहीं है। कांग्रेस सिर्फ बड़े नेताओं की पत्नियों को टिकट देती है। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व सांसद निर्मल खत्री व जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आरोप लगाते हुए कहा उनके कहने पर ही पार्टी से उनका टिकट काटा है।

उन्होंने कहा मैं पिछले 30 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की मेहनती कार्यकत्री रही हूं, लेकिन बीकापुर से टिकट देने की बारी आई तो उनका पत्ता साफ कर दिया गया। जबकि पिछले 3 विधानसभा चुनाव से मुझे आश्वासन दिया जा रहा था।

ये भी पढ़ें: थाईलैंड को 7-0 से हराकर एशियाई कप के सेमीफाइनल में पहुंचा जापान, फीफा विश्व कप में बनाई जगह

संबंधित समाचार