अमरोहा : 45000 पर रहेगी पुलिस की नजर, चुनाव में माहौल बिगाड़ने पर होगी कार्रवाई
अमरोहा, अमृत विचार। दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। चुनाव में माहौल खराब न हो इसके लिए पुलिस ने 45 हजार से अधिक लोगों को मुचलको में पाबंद किया है। …
अमरोहा, अमृत विचार। दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। चुनाव में माहौल खराब न हो इसके लिए पुलिस ने 45 हजार से अधिक लोगों को मुचलको में पाबंद किया है। साथ ही पूर्व में किसी चुनाव को बधित करने वालों को भी रेड कार्ड जारी कर दिए गए हैं। मतदान के दिन इन लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
विधनसभा चुनाव को लेकर जिले भर में पुलिस सतर्क है। जिले में दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है। चार विधानसभा सीटों पर चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। चुनाव को लेकर फ्लाइंग, स्क्वॉड टीम (एफसटी) और स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) टीमें गठित की गई हैं। जो हाइवे समेत शहर में वाहन चेकिंग में लगी हुई हैं। इसके अलावा पुलिस द्वारा संवदेनशील इलाके चिह्नित किए गए हैं।
जहां पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने थाना क्षेत्रों में गांव-गांव और शहर के मोहल्लों में जाकर उन लोगों की सूची बनाई गई है, जो चुनाव प्रक्रिया को किसी न किसी तरीके से प्रभावित कर सकते हैं। जिन्होंने पहले भी अन्य चुनाव में माहौल बिगाड़ने, झगड़ा करने, बूथ कैपचरिंग, जिन पर चुनाव संबंधित मुकदमें दर्ज हैं पुलिस ने ऐसे 45 हजार से अधिक लोगों को चिन्हित किया है। जिनको मुचलकों में पाबंद कर दिया गया है। इनमें 600 से अधिक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं।
इसके अलावा हर थाना क्षेत्र में पूर्व में चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों या चुनाव से संबंधित जिन पर मुकदमे दर्ज हैं, उनको रेड कार्ड जारी कर दिया गया है। यह सभी लोग बूथ से 200 मीटर दूर रहेंगे। एसपी पूनम ने बताया कि यदि बूथ के पास इन लोगों की सक्रियता दिखाई देती है या कोई शिकायत मिलती है तो इन पर पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चिन्हित संवेदनशील इलाकों व मुचलका पाबंद पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। 45 हजार से अधिक लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया है। इन पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। चुनाव आयोग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से मतदान कराया जाएगा। -पूनम, एसपी
