बरेली: सुपर ओवर में रोमांचक तरीके से आईके कलेक्शन ने जीता मैच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुपर ओवर में आईके कलेक्शन ने आरसीसी की टीम को आठ रनों से हराकर तीसरी बार भी टी-20 ट्रॉफी पर कब्जा किया। फाइनल में आईके कलेक्शन की टीम के धीरेंद्र यादव ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर मैच को टाई करा दिया। सुपर ओवर में भी धीरेंद्र ने दो …

बरेली, अमृत विचार। सुपर ओवर में आईके कलेक्शन ने आरसीसी की टीम को आठ रनों से हराकर तीसरी बार भी टी-20 ट्रॉफी पर कब्जा किया। फाइनल में आईके कलेक्शन की टीम के धीरेंद्र यादव ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर मैच को टाई करा दिया। सुपर ओवर में भी धीरेंद्र ने दो छक्के जड़कर टीम को रोमाचंक जीत दिलाई।

पत्रकार क्रिकेटर्स क्लब की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही शकुंतला देवी मेमोरियल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच रोमांचक रहा। आरसीसी के कप्तान माजिद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। आरसीसी की ओर से ओपनर जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर आईके कलेक्शन की टीम को 141 रनों का लक्ष्य दिया। इस दौरान ओपनर जोड़ी रणजी प्लेयर सौरभ रावत ने 58 रन व कमल ने 68 रन बनाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। दीक्षांशु नेगी ने नावाद 14 रन बनाये।

आईके कलेक्शन की टीम की ओर से अभिषेक द्विवेदी ने तीन ओवर में 9 रन देकर 6 विकेट लिए। अभिषेक को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जवाब में उतरी आईके कलेक्शन की टीम से प्रकाश श्रोती ने शानदार 39 रन व जीशान ने 31 रन की पारी खेली। कप्तान आकाश कुमार ने ताबड़तोड़ 66 रन बनाये। इसके बाद मैच के ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगने से मैच टाई हो गया। जिसके बाद मैच का निर्णय सुपर ओवर से हुआ। सुपर ओवर में पहले खेलने उतरी आईके कलेक्शन की ओर से धीरेन्द्र यादव ने 15 व आकाश ने 5 रन मारकर एक ओवर में 20 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य पूरा करने उतरी आरसीसी की टीम एक ओवर में 12 रन ही बना पायी। इस मुकाबले में आईके कलेक्शन ने शानदार जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले धीरेंद्र यादव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विजेता व उपविजेता टीम को राजश्री कॉलेज के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, डा. एमएस बासु ने ट्रॉफी प्राइजमनी दी। मैन ऑफ द मैच संजय सक्सेना ने दिया। फाइनल मैच के दौरान वरिष्ठ क्रिकेटर ललित अस्थाना, जीआरएम के प्रिंसिपल रणवीर सिंह रावत, पंकज सिन्हा, डा. रवि नागर, गुरुविंदर सिंह, सुरेन्द्र बीनू सिन्हा, निर्भय सक्सेना, अजीत सक्सेना मौजूद रहे। क्लब के अध्यक्ष सुनील सक्सेना व सचिव प्रशांत रायज़ादा ने सभी का आभार जताया।

संबंधित समाचार