लखनऊ: घने कोहरे के बीच ओझल हुआ प्रदेश, चार फरवरी को हो सकती है बारिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। प्रदेश में मौसम ने फिर से करवट ले ली है। सोमवार देर शाम से घने कोहरे के बीच पूरा प्रदेश जैसे ओझल सा हो गया है। रिकॉर्डतोड़ कोहरे के कारण प्रदेश में रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त सा रहा। आलम ये था कि 20 मीटर दूर का नजारा …

लखनऊ। प्रदेश में मौसम ने फिर से करवट ले ली है। सोमवार देर शाम से घने कोहरे के बीच पूरा प्रदेश जैसे ओझल सा हो गया है। रिकॉर्डतोड़ कोहरे के कारण प्रदेश में रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त सा रहा। आलम ये था कि 20 मीटर दूर का नजारा भी दिखना मुश्किल था।

अगले चार दिन रहेंगे मुश्किल

दरअसल मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार मध्य एवं दक्षिणी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल तेजी से नीचे की ओर आ रहे हैं। इसके कारण घने कोहरे का प्रकोप बढ़ रहा है। मौसम विभाग की पूर्वानुमान रिपोर्ट की मानें तो आगामी चार दिनों तक प्रदेश में कोहरे का प्रकोप बरकरार रह सकता है।

3 व 4 फरवरी को हो सकती है बारिश

मौसम विभाग की ताजा पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण 3 और 4 फरवरी को प्रदेश के कई शहरों में जोरदार बारिश हो सकती है। 5 फरवरी को भी आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे, जबकि 6 फरवरी से मौसम पूरी तरह से साफ हो जायेगा।

घने कोहरे को देखते हुए 10 जिलों में अलर्ट जारी

प्रदेश में कोहरे और बारिश की संभावनाओं को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से 10 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इनमें आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, उन्नाव, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज और गोरखपुर शामिल हैं। इस दौरान तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज हो सकती है।

यात्रियों को हुई भारी परेशानी

कोहरे के प्रभाव को देखते हुए रेलवे की ओर से सोमवार को ही विभिन्न रूट पर कॉशन जारी कर दिया गया था। इसके कारण ट्रेनें चार से छह घंटे विलंब से चलीं। मंगलवार सुबह गोरखधाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह के 4:40 बजे से पांच घंटे विलंब से 9:45 बजे लखनऊ पहुंची। वहीं चित्रकूट एक्सप्रेस भी लगभग डेढ़ घंटे पहुंची। इसके अलावा अधिकांश ट्रेनें विलंब से चलीं। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी घटा दी गई है।

राजधानी में रेंगते दिखे वाहन

घने कोहरे का राजधानी पर भी मंगलवार सुबह व्यापक असर देखने को मिला। सुबह के समय में अधिकांश सड़कें खाली दिखीं। इक्का-दुक्का चल रहे वाहन भी रेंगते हुए दिखाई दिये। आलम ये था कि 20 मीटर दूर का नजारा देखना भी नामुमकिन सा था। कोहरे के प्रभाव के चलते वाहन हेडलाइट और ब्लिंकर लाइट जलाकर चलते दिखाई दिये।

यह भी पढें: हरदोई: प्रेमिका से नजदीकियां बढ़ने से नाराज पूर्व प्रेमी ने आजाद की हत्या कर फेंका था शव

संबंधित समाचार