बरेली: नई सरकार गठन के साथ ही शुरू होगी लखनऊ की उड़ान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अक्टूबर, 2021 में बरेली से लखनऊ की उड़ान शुरू करने की जिम्मेदारी हैदराबाद की टर्बो मेघा एयरवेज (ट्रूजेट) को मिली, तब यह माना गया कि दीपावली तक फ्लाइट उड़ जाएगी लेकिन एयरवेज ने दिलचस्पी नहीं दिखायी। दीपावली के बाद नववर्ष भी निकल गया। 2022 शुरू हुई तो जनवरी भी गुजर गयी। इस …

बरेली, अमृत विचार। अक्टूबर, 2021 में बरेली से लखनऊ की उड़ान शुरू करने की जिम्मेदारी हैदराबाद की टर्बो मेघा एयरवेज (ट्रूजेट) को मिली, तब यह माना गया कि दीपावली तक फ्लाइट उड़ जाएगी लेकिन एयरवेज ने दिलचस्पी नहीं दिखायी। दीपावली के बाद नववर्ष भी निकल गया। 2022 शुरू हुई तो जनवरी भी गुजर गयी। इस बीच विधानसभा चुनाव आ गए। करीब चार माह से बरेली मंडल और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी जनपद के लोग बरेली-लखनऊ उड़ान शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। यह उम्मीद अब नई सरकार के गठन के साथ पूरी होगी। एयरपोर्ट के सूत्र बताते हैं कि 10 मार्च को मतगणना होने के बाद उड़ान शुरू कराने की कवायद पूरी होगी।

ट्रूजेट उड़ान शुरू कराने के लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी करने में जुटी हुई है। हालांकि उड़ान शुरू न होने के पीछे कोविड की तीसरी लहर और ओमिक्रान को भी माना गया है। बड़ी संख्या में मरीजों के सामने आने के बाद लोगों में डर बैठ गया। इससे माना गया कि एयर ट्रैफिक भी नहीं मिलेगा। इस वजह से ट्रूजेट एयरवेज ने मुंबई, अहमदाबाद की भी फ्लाइटें शुरू नहीं की। इन फ्लाइटों को भी इसी सप्ताह शुरू किया है। ओमिक्रान की वजह से हवाई सेवा पर काफी प्रभाव पड़ा है। 22, अक्टूबर, 2021 को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बरेली से लखनऊ की फ्लाइट की जिम्मेदारी हैदराबाद की टर्बो मेघा एयरवेज को दी थी। एयरवेज की फाइनेंशियल बिड को भी मंजूरी दी जा चुकी है। फ्लाइट का सिर्फ शेड्यूल जारी होना है। टर्बो मेघा एयरवेज को रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत चुना गया है।

एलाइंस एयर भी लखनऊ व प्रयागराज की उड़ान की संभावनाएं तलाश रहा
ट्रूजेट के साथ अब एलाइंस एयर भी लखनऊ और प्रयागराज के लिए उड़ान शुरू कराने के लिए संभावनाएं तलाश रही है। एलाइंस एयर के सूत्रों ने बताया कि कंपनी सर्वे कराया है। एयर ट्रैफिक अच्छा मिल रहा है। यदि ट्रूजेट किसी कारण उड़ान शुरू नहीं करती है तो एलाइंस एयर उड़ान शुरू कराने के लिए आवेदन कर सकती है। इस रूट पर 72 सीटर एटीआर ही उड़ान भरेगा।

वर्जन- बरेली-लखनऊ की उड़ान मार्च के बाद शुरू होने की पूरी उम्मीद है। नई सरकार के गठन के साथ ट्रूजेट के उड़ान शुरू करने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन अभी तक लिखित में कुछ नहीं आया है।
आरएस कनोज, प्रभारी निदेशक एयरपोर्ट

संबंधित समाचार