बहराइच: तेंदुए के हमले से घायल हुई बच्ची, मां ने संघर्ष कर बचाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। नानपारा रेंज के गिरदा गांव में बुधवार शाम को घर में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। मां ने संघर्ष कर बालिका को तेंदुए से छुड़ाया। परिवार के लोग सीएचसी ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घर में खेल रही थी बच्ची, घात लगाकर तेंदुए ने …

बहराइच। नानपारा रेंज के गिरदा गांव में बुधवार शाम को घर में खेल रही बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। मां ने संघर्ष कर बालिका को तेंदुए से छुड़ाया। परिवार के लोग सीएचसी ले गए। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घर में खेल रही थी बच्ची, घात लगाकर तेंदुए ने किया हमला

बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज का गिरदा गांव जंगल से सटा हुआ है। बुधवार शाम को छह बजे गांव निवासी बालिका काजल (5) पुत्री राकेश घर में खेल रही थी। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने घर में छलांग लगा दी। बालिका को तेंदुआ जबड़े में कर बाहर ले जाने लगा। बालिका के शोर मचाने पर मां दौड़ी। तेंदुए से संघर्ष करते हुए मां ने बेटी काजल को छुड़ाया। डंडे से वार किया। इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़ जंगल की ओर भाग गया।

जिला अस्पताल में भर्ती है बालिका

तेंदुए के हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका को सीएचसी नानपारा पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर होने पर बालिका को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले में बालिका घायल हुई है। वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमील टीम के साथ गांव पहुंच गए हैं। वन कर्मी गांव में गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सजग किया गया है।

सिर में हैं गंभीर निशान

काजल पर तेंदुए ने हमला करते हुए सिर को पकड़ लिया। जिससे बालिका के सिर में तेंदुए के पंजे के गहरे जख्म बन गए हैं। बालिका की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: डीडीयूजीयू में बीटेक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 15 फरवरी से, यह रहा कार्यक्रम

संबंधित समाचार