बरेली: जिस प्यार के लिए मुसलमान से हिंदू बनी, उसी ने छह महीने बाद छोड़ा, अब दर-दर भटक रही महिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कहते हैं कि प्यार का कोई मजहब नहीं होता। मगर जिस प्यार के लिए मजहब छोड़ा जाए और वही उसे छोड़कर चला जाए तो जिंदगी वीरान हो जाती है। ऐसा ही एक मामला बरेली में भी सामने आया। अपने पति को पाने के लिए पत्नी लोकल थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक …

बरेली, अमृत विचार। कहते हैं कि प्यार का कोई मजहब नहीं होता। मगर जिस प्यार के लिए मजहब छोड़ा जाए और वही उसे छोड़कर चला जाए तो जिंदगी वीरान हो जाती है। ऐसा ही एक मामला बरेली में भी सामने आया। अपने पति को पाने के लिए पत्नी लोकल थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक गुहार लगा रही है। चीख-चीखकर कह रही है… कि मेरा पति छोड़कर चला गया। मुझे उससे मिलवा दो। मगर न तो पुलिस उसकी सुनवाई कर रही है। न ही कोई और उसकी मदद को आगे आ रहा है। महिला बीते चार दिनों से थानों के चक्कर काट रही है।

यह कहानी शुरू होती है अब से करीब तीन साल पहले
दरअसल, अब से कुछ साल पहले बरेली के कैंट इलाके रहने वाली एक हिंदू युवती की शादी हरदोई में हुई थी। जिसके बाद उसके परिवार के लोगों का वहां पर आना जाना शुरू हुआ। इसी बीच करीब तीन साल पहले हरदोई की रहने वाली एक मुस्लिम युवती की मुलाकात हरदोई में शादी हुई हिंदू महिला के भाई से हुई। जिसके बाद दोनों आपस में बातचीत करने लगे। दोनों ने एक दूसरे से नंबर एक्सचेंज कर लिए। उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदलने लगी।

लगातार चलती रही प्रेम कहानी
पीड़ित महिला का आरोप है कि जब उसकी बात कैंट के रहने वाले युवक से होती रही तो उसने कई बार उसे मिलने के लिए बरेली बुलाया। आरोप यह भी है कि वह उसे कभी होटल ले गया तो कभी किसी और जगह पर। महिला ने बताया कि कुछ महीनों पहले उसने अपने प्रेमी से कहा कि अब वह उससे शादी करना चाहती है। तो कैंट के रहने वाले युवक ने कहा कि तुम मुस्लिम और मैं हिंदू… ऐसे कैसे शादी होगी। महिला ने बताया कि इसके बाद युवक ने कहा कि यदि वह अपना धर्म परिवर्तन करके हिंदू बन जाए तो वह उससे शादी कर लेगा। जिसके बाद महिला ने अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। और परिवार को छोड़कर एक मंदिर में जाकर उसके साथ शादी कर ली।

छह महीने ही साथ रह पाई
पीड़ित महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसे ससुराल वालों ने भी अपने साथ नहीं रखा था। वो और उसका पति हरदोई में ही एक किराए के मकान में रहने लगे। मगर उसके ससुराल वाले सिर्फ उसके पति से बात करते थे। उसने यह भी बताया कि इसी बीच कई बार उसके पति ने उससे यह भी कहा था कि उससे शादी करने के बाद उसे न तो दहेज मिला और न ही कोई खुश है। महिला का आरोप तो यह भी है कि उसके पति ने उससे कई बार यह भी कहा था कि उसके घर वाले कह रहे है कि वह उसकी दूसरी शादी करा देंगे। अब छह महीनें बाद ही 1 फरवरी को उसका पति उसे छोड़ गया। आरोप है कि घर से वह नकदी समेत अन्य सामान भी ले गया। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो वह अपनी ससुराल पहुंची। मगर ससुरालियों ने उसे घर में नहीं घुसने दिया।

पति कर रहा है पढ़ाई, पूरा खर्चा भी उठाती है पत्नी
पीड़िता ने बताया कि जब उसका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ तब भी उसका पति पढ़ाई कर रहा था और शादी के बाद भी वह पढ़ाई कर रहा है। उसकी पढ़ाई से लेकर उसके रहने तक का पूरा खर्चा उसकी पत्नी ही उठाती है। इसके बाद भी वह उसे छोड़कर चला गया। बहरहाल अब पीड़ित महिला न्याय पाने के लिए थानों के चक्कर काट रही है।

इसे भी पढ़ें-

बरेली: आज बारिश की संभावना कम, सिर्फ बादलों का रहेगा पहरा, रात को होगी और ज्यादा ठिठुरन

 

संबंधित समाचार