अलीगढ़ वाले यूपी में भाजपा पर ताला लगाएंगे: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की योगी सरकार की विभाजनकारी नीतियों से जनता इतनी अधिक नाराज है कि चुनाव के बाद अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता भाजपा पर ताला लगा देगी। अखिलेश यादव ने शनिवार को यहां संवाददाता …

अलीगढ़। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की योगी सरकार की विभाजनकारी नीतियों से जनता इतनी अधिक नाराज है कि चुनाव के बाद अलीगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता भाजपा पर ताला लगा देगी।

अखिलेश यादव ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में सपा के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने की अपील करते हुए कहा कि पिछले पांच साल में जनता की भाजपा के प्रति नाराजगी का आलम यह है कि अब राज्य के 80 प्रतिशत लोग सपा राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) गठबंधन के साथ हो गये हैं।

उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं को तहस-नहस करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में नया संसद भवन बनाने जा रही भाजपा, संविधान भी बदल देगी। उन्होंने कहा कि इसीलिए हम कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश का यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है।

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के सवाल पर श्री यादव ने कहा कि जिस राज्य के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के खिलाफ सबसे ज्यादा आपराधिक मुकदमे चल रहे हों और मुख्यमंत्री एवं उप-मुख्यमंत्री खुद अपने खिलाफ मुकदमों को वापस ले रहे हों, उस राज्य की कानून व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

उन्होंने हाथरस बलात्कार कांड का भी जिक्र करते हुए कहा कि हाथरस में एक लड़की के साथ जघन्य अपराध तो हुआ ही, साथ में उसे आखिरी सम्मान भी नहीं मिला। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान हिरासत में मौत के सर्वाधिक मामले उत्तर प्रदेश में ही सामने आये।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने और दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली भाजपा के राज में जनता की कमाई आधी हो गयी है और महंगाई दोगुनी हो चुकी है। इससे आम आदमी की गुजर बसर ही अब आसानी से नहीं हो पा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग कोरोना काल में उपजे संकट को कभी नहीं भूल पायेंगे जब पैदल चलकर गरीब मजदूरों को घर जाना पड़ा। लोगों को दवा, बिस्तर और ऑक्सीजन तक नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जनता को धोखा दिया है। उन्होंने दावा किया कि सपा के शासनकाल में विद्यार्थियों को दिये गये लैपटॉप, आज तक बंद नहीं हुए जबकि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर युवाओं के लिये नौकरियां निकलेंगी।

पढ़ें- शाहजहांपुर: प्रचार वाहन सीज होने पर कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठीं, लगाए ये आरोप

संबंधित समाचार