अमरोहा : ‘पिछली सरकारों में होते थे दंगे, निर्दोषों को होती थी जेल’
अमरोहा /गजरौला, अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गजरौला में सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में दंगे होते थे और निर्दोषों को जेल भेजा जाता था। लेकिन, जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तब से दंगाई जेल में हैं और गुंडे प्रदेश …
अमरोहा /गजरौला, अमृत विचार। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गजरौला में सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में दंगे होते थे और निर्दोषों को जेल भेजा जाता था। लेकिन, जब से प्रदेश में भाजपा सरकार आई है तब से दंगाई जेल में हैं और गुंडे प्रदेश छोड़कर भाग गए।
गृह मंत्री अमित शाह शाम करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर पहुंचे। इसके बाद वह कार से गजरौला स्थित रमाबाई डिग्री कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान भाजपाइयों ने गदा और हल देकर उनका स्वागत किया। गृह मंत्री ने जय श्रीराम के नारों के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव उत्तर प्रदेश का भविष्य तय करने का है। एक खेमे में दंगा कराने वाले खड़े हैं तो दूसरी ओर जात-पात की बात करने वाले।
उन्होंने लोगों से पूछा क्या अब आपके क्षेत्र में कोई बाहुबली बचा है ? लोगों ने हाथ उठाकर कहा नहीं। अमित शाह ने सपा और बसपा की पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। कहा कि इन दोनों दलों की सरकारों में लोग सड़कों पर दंगा करते थे और निर्दोष लोग जेल जाते थे। लेकिन, भाजपा सरकार आने के बाद दंगाई, गुंडे, माफिया जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए। बाकी बचे दागियों को समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बना दिया है।
उन्होंने आजम और मुख्तार अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वह कहां हैं? कहा कि अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार न होती तो क्या यह लोग जेल में होते? अगर इनको जेल से बाहर नहीं लाना चाहते हो तो फिर से कमल खिलाओ और योगी सरकार बनाओ। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। सड़कों में पहले गढ्ढे होते थे लेकिन अब उनको भर दिया गया है। कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 हटाने का काम किया है। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कहते थे कि धारा 370 खत्म की तो खून-खराबा होगा। उनसे पूछना चाहता हूं कि बताइए एक कंकड़ भी वहां फेंका गया क्या?
अब जवानों के साथ कोई नहीं कर सकता खिलवाड़
गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश पर आतंकवादी हमले होते थे, 2014 में जब उरी और पुलवामा पर हमला हुआ तो प्रधानमंत्री ने एयर स्ट्राइक कराकर पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा। शाह ने कहा कि अब देश में भारत के जवानों के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता है।
