बरेली: सेना अस्पताल के डॉक्टर व सिपाही से साइबर ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ठगों के जाल में पढ़े-लिखे लोग भी फंस रहे हैं। सैन्य अस्पताल के डॉक्टर और महिला सिपाही भी साइबर ठगों का शिकार हो गए। सैन्य अस्पताल के डॉक्टर के …

बरेली, अमृत विचार। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ठगों के जाल में पढ़े-लिखे लोग भी फंस रहे हैं। सैन्य अस्पताल के डॉक्टर और महिला सिपाही भी साइबर ठगों का शिकार हो गए। सैन्य अस्पताल के डॉक्टर के खाते से जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर करीब 2 लाख की रकम उड़ा ली। वहीं कैंट थाने में तैनात महिला सिपाही के खाते से करीब एक लाख की रकम पर हाथ साफ कर लिया। डॉक्टर व महिला सिपाही की ओर से कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

बिहार के हिलसा निवासी डॉक्टर राजीव रंजन कैंट स्थित आर्मी अस्पताल में तैनात हैं। पुलिस से की शिकायत में उन्होंने बताया कि 11 जनवरी की शाम उनके पास एसबीआई क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के लिए फोन पहुंचा। बात करने वाली महिला थी। भरोसा दिलाने के लिए जालसाज महिला ने क्रेडिट कार्ड रिकॉर्ड में दर्ज उनका नाम, जन्मतिथि व क्रेडिट कार्ड का नंबर बताया जोकि एक दम सही था। इसके बाद उसने डॉक्टर से ओटीपी पूछा।

ओटीपी बताने की बात पर जब उन्होंने सवाल किया तो जालसाज ने पुराने क्रेडिट कार्ड में मौजूद धनराशि नए क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर करने की बात कही। ओटीपी बताते ही डॉक्टर के खाते से चार बार में 40849, 17361, 40849, 10212 मिलाकर एक लाख 92 हजार 72 रुपये निकल गए। साइबर ठगी का पता चलते ही डॉ. राजीव रंजन की ओर से कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

पहचान वाला बताकर महिला सिपाही से 95 हजार की ठगी
कैंट थाने में तैनात महिला सिपाही सरिता सांवली जिले के जसाला गांव की रहने वाली हैं। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि 2 फरवरी को उनके पास एक महिला का फोन पहुंचा। ठग ने उनसे उनके ही खाते में सेना में तैनात रिश्तेदार के द्वारा 15 हजार रुपये जमा करने की बात कही। कुछ ही देर बाद महिला सिपाही के पास एक और फोन कॉल पहुंची। जिसमें जालसाज ने नंबर खाते से लिंक होने की बात पूछकर मोबाइल पर एक रुपये का मैसेज भेज दिया। महिला सिपाही के मुताबिक मैसेज खोलते ही उनके खाते से तीन बार में 15 हजार तीन सौ रुपये, फिर दो बार में 39 हजार 936 रुपये और 39 हजार 945 रुपये कट गए। इस तरह साइबर ठग ने खाते से 94 हजार 581 रुपये की रकम निकाल ली। जालसाजी का पता चलते ही महिला सिपाही ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पिछले कुछ दिनों में साइबर ठगों ने खातों से उड़ाए 4.11 लाख रुपये
पिछले कुछ दिनों के बड़े-बडे़ मामलों का आंकड़ा देखा जाए तो जालसाजों ने करीब साढ़े सात लाख रुपये अलग-अलग खातों से उड़ाए हैं। 2 नवंबर 2021 को बारादरी के सुरेश शर्मा नगर निवासी कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर के खाते से पेटीएम पर नंबर बदलवाने के नाम पर ठगों ने 1.55 लाख रुपये की ठगी की थी। वहीं 11 जनवरी को बारादरी के ही खुर्रम गौंटिया निवासी कैफे संचालक शहबाज खां के खाते से साइबर ठगों ने 24 हजार की रकम उड़ा दी थी। वहीं 23 जनवरी को इज्जतनगर के सिद्धार्थ नगर के सेवानिवृत्त फौजी के खाते से जालसाजों ने 1.89 लाख की रकम निकाल ली थी। इसके साथ ही कुछ दिन पहले ही ग्रीन पार्क की रहने वाली एक महिला के खाते से साइबर ठगी द्वारा 43 हजार रुपये कट गए थे।

संबंधित समाचार