UP Election 2022 : कांटे की होगी टक्कर, उम्मीदवारों के परिवार भी मैदान में डटे
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ मुकाबले की तस्वीर साफ होने लगी है। मुरादाबाद शहर सीट पर इस बार भी रोचक जंग के संकेत है। इस सीट पर भाजपा का कब्जा है, जबकि कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए सभी उम्मीदवार एड़ी-चोटी का दम …
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ मुकाबले की तस्वीर साफ होने लगी है। मुरादाबाद शहर सीट पर इस बार भी रोचक जंग के संकेत है। इस सीट पर भाजपा का कब्जा है, जबकि कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए सभी उम्मीदवार एड़ी-चोटी का दम लगा रहे हैं।
शहरी क्षेत्र में घर-घर मतदाताओं को लुभाने और समझाने के लिए मनुहार का अभियान धीरे-धीरे प्रभावी हो रहा है। जबकि प्रमुख उम्मीदवारों के घर के सदस्य भी संपर्क अभियान में कूद पड़े हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में आखिरी मुकाबला भाजपा और सपा उम्मीदवार के बीच सिमट गया था। तब सपा विधायक हाजी यूसुफ अंसारी कांटे के मुकाबले में 3139 मत से चुनाव हार गए थे। बीते चुनाव में सपा के साथ कांग्रेस का चुनावी तालमेल था।
बसपा उम्मीदवार अतीक सैफी को करीब 24000 मतों से संतोष करना पड़ा था। बाकी अन्य उम्मीदवार जमानत भी नहीं बचा पाए थे। अबकी 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। मान्यता प्राप्त दलों के अलावा आम आदमी पार्टी के डॉ. एपी सिंह, कम्यूनिस्ट पार्टी के अविनाश चंद्र, आजाद समाज पार्टी के दानिश, एआईएमआईएम के वकी रसीद, शिवसेना के विपिन और स्वतंत्र शमशाद अहमद मैदान में हैं।
भाजपा से विधायक रितेश कुमार गुप्ता, सपा के हाजी यूसुफ अंसारी, बसपा प्रत्याशी इरशाद अहमद और कांग्रेसी हाजी रिजवान कुरैशी मैदान में हैं। सभी के परिवार के सदस्य जनसंपर्क और मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने की कोशिश में जुट गए हैं। लेकिन, शहर के कई क्षेत्रों में मतदाताओं की खामोशी से उम्मीदवारों की चिंता बढ़ती जा रही है। चौपाल पर चर्चा है कि चुनावी ऊंट किस करवट बैठेगा यह बताना आभी मुश्किल है। लेकिन, यह जरूर है कि शहर विधान सभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम रोचक होगा। इस बार भी जीत- हार के बीच कड़ी टक्कर होगी। इस सीट के चुनाव प्रचार में प्रमुख उम्मीदवार और उनके समर्थक शहर के मोहल्ले की ओर सिमटते जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : कुंदरकी में राम लहर में बस एक बार खिला कमल
