UP Election 2022: रामपुर में बड़े दलों के 20 में से 13 प्रत्याशी ‘दागी’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अखिलेश शर्मा/अमृत विचार । विधानसभा चुनाव में पांचों सीटों पर 44 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा, अपना दल एस के 20 प्रत्याशी हैं। इन में भी 13 प्रत्याशी दागी हैं, जो कहीं न कहीं आपराधिक मामलों में आरोपित हैं। इन दागी प्रत्याशियों में सपा के आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला …

अखिलेश शर्मा/अमृत विचार । विधानसभा चुनाव में पांचों सीटों पर 44 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा, अपना दल एस के 20 प्रत्याशी हैं। इन में भी 13 प्रत्याशी दागी हैं, जो कहीं न कहीं आपराधिक मामलों में आरोपित हैं। इन दागी प्रत्याशियों में सपा के आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, नसीर खां, यूसुफ अली हमजा और नवेद मियां भी शामिल हैं। 2017 में 35 प्रत्याशी मैदान में थे, इस बार नौ प्रत्याशी ज्यादा मैदान में हैं।

सांसद आजम खां सपा प्रत्याशी हैं और सीतापुर जेल से चुनाव लड़ रहे हैं। आजम खां पर सर्वाधिक 87 मुकदमे दर्ज हैं, इन्हें कुछ मामलों में जमानत मिल गई है तो कुछ में अभी जमानत के लिए प्रार्थन लंबित हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां पर तीन मुकदमे दर्ज हैं, जो लंबित चल रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना और बसपा के उम्मीदवार सदाकत हुसैन पर कोई केस दर्ज नहीं हैं। बिलासपुर से भाजपा के बलदेव औलख मैदान में हैं। यह प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। इन पर कोई केस नहीं है। सपा के सरदार अमरजीत सिंह, बसपा के रामौतार कश्यप भी बेदाग हैं। कांग्रेस के संजय कपूर पर जो मुकदमे दर्ज हैं, विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी अब्दुल्ला आजम मैदान में हैं। अब्दुल्ला पर 43 मामले हैं। अब्दुल्ला 15 जनवरी को ही सीतापुर जेल से जमानत पर आए हैं और मैदान में उतरे हैं।

भाजपा समर्थित अपना दल एस से नवाब परिवार के वंशज नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां मैदान में हैं, इनके ऊपर चार मामले दर्ज हैं जोकि विचाराधीन हैं। बसपा के मास्टर शंकर सैनी पर भी नकल का एक मामला दर्ज है। जबकि यहां से मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशी रामरक्षपाल सिंह राजा ठाकुर बेदाग हैं। मिलक-शाहबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से मौजूदा विधायक राजबाला मैदान में हैं। उन पर आचार संहिता का एक मामला दर्ज है, जो अदालत में विचाराधीन चल रहा है। सपा के विजय सिंह पूर्व विधायक हैं फिर से मैदान में डटे हैं इनके खिलाफ भी सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का एक मामला दर्ज है।

बसपा के सुरेंद्र सागर और कांग्रेस के कुमार एकलव्य पर भी एक एक मुकदमे दर्ज हैं। मिलक क्षेत्र में चारों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों में सभी दागी हैं। चमरौआ विधान सभा क्षेत्र में बसपा से अब्दुल मुस्तफा मैदान में हैं इन पर भी दो मुकदमे दर्ज हैं। सपा के मौजूदा विधायक नसीर खां और प्रत्याशी पर 30 मामले दर्ज हैं। कांग्रेस के अली यूसुफ अली पर 14 मामले दर्ज हैं जोकि अदालत में विचाराधीन हैं। यहां से भाजपा के मोहन कुमार लोधी बेदाग हैं।

कोई एमए, बीएड-एमएड तो कोई फीजियोथैरेपिस्ट
बिलासपुर से भाजपा के बलदेव औलख एमएड हैं तो सपा के अमरजीत सिंह एमए पास हैं। बसपा के रामौतार साक्षर भर हैं। शहर से बसपा प्रत्याश सदाकत भी बीएड हैं, तो भाजपा के आकाश सक्सेना इंटर पास हैं। चमरौआ से भाजपा प्रत्याशी मोहन कुमार लोधी भी बीएड हैं। सपा के नसीर खां एमए पास हैं। जबकि कांग्रेस के यूसुफ अली हाईस्कूल हैं। मिलक से राजबाला एमए बीएड हैं। सपा के विजय पाल हाई स्कूल हैं। बसपा के सुरेंद्र सागर इंटर तक पढ़े हैं, कांग्रेस के एकलव्य फिजियोथैरेपिस्ट है। स्वार से बसपा के शंकर सैनी एमकाम बीएड हैं पेशे से मास्टर हैं तो कांग्रेस के राजा ठाकुर इंटर पास हैं।

नवेद-हमजा अमेरिका में पढ़े-लिखे
कांग्रेस के शहर प्रत्याशी नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी से एम आर्क किए हुए हैं और कास्ट्यूम डिजाइनर हैं। जबकि अपना दल एस से स्वार से मैदान में उतरे नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां भी अमेरिका से बैचलर डिग्रीधारी हैं।

आजम, संजय कपूर, मुस्तफा हैं एलएलबी
सांसद और शहर से प्रत्याशी मोहम्मद आजम खां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से विधि स्नातक हैं। जबकि बिलासपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी संजय कपूर बीकाम एलएलबी किए हुए हैं। चमरौआ से बसपा प्रत्याशी अब्दुल मुस्तफा हुसैन भी एलएलबी हैं। वहीं अब्दुल्ला आजम गलगोटिया विश्वविद्यालय से साफ्टवेयर इंजीनियर हैं।

ये भी पढ़ें…

कुंदरकी में राम लहर में बस एक बार खिला कमल

UP Election 2022 : कांटे की होगी टक्कर, उम्मीदवारों के परिवार भी मैदान में डटे

 

संबंधित समाचार