यूपी चुनाव: झांसी में चुनावी तैयारियों पर अधिकारियों की कड़ी नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

झांसी। उत्तर प्रदेश विधासभा चुनाव के मद्देनजर झांसी जिला प्रशासन स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी जरूरी उपाय करने में जुटा है और इसी क्रम में आला अधिकारियों ने सोमवार को भोजला मंडी में निर्वाचन से जुड़ी हर तैयारी का जमीनी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी सह निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि …

झांसी। उत्तर प्रदेश विधासभा चुनाव के मद्देनजर झांसी जिला प्रशासन स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी जरूरी उपाय करने में जुटा है और इसी क्रम में आला अधिकारियों ने सोमवार को भोजला मंडी में निर्वाचन से जुड़ी हर तैयारी का जमीनी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी सह निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने भोजला मंडी का भ्रमण किया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों के पोलिंग बूथ पर प्रस्थान‚ वापसी‚ मतगणना एवं स्ट्रॉंग रूम बनाए जाने के दृष्टिगत की गई तैयारियों को देखा।

झांसी के जिला निर्वाचन अधिकारी ने 222- बबीना, 223- झांसी नगर, 224 -मऊरानीपुर एवं 225- गरौठा भोजला मण्डी में की जा रही तैयारियों को देखा, उन्होंने मौके पर विधानसभावार नियमानुसार बैरिकेडिंग लगाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि प्रत्येक विधानसभा के मतगणना कार्मिक को अपनी विधानसभा तक पहुंचने में समस्या ना हो। मौके पर उन्होंने प्रत्येक विधानसभा के स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया तथा ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए वहां विद्युत और पानी का संयोजन यदि हैं तो संयोजन विच्छेद कर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा अवश्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए वहां खिड़कियां और दरवाजे को पूरी तरह बंद करने के कार्य को भी देखा।

स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभावार स्ट्रांग रूम के पास अभिलेख रखने के लिए कक्ष अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए कक्ष अवश्य बना लिए जाए। उन्होंने स्ट्रांग रूम के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उसे बंद करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ ही पानी और शौचालय आदि की भी व्यवस्था अभी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम कवरेज के लिए सीसीटीवी कैमरे की जानकारी ली और लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का प्लान भी देखा। यह कैमरे 24 घंटे चालू रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

आला अधिकारियों ने भोजला मंडी से पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी के लिए बनाए गए रोड मैप का मौके पर परीक्षण किया और वाहनों की व्यवस्था को देखा। उन्होंने कहा कि वाहनों के आने-जाने में किसी भी तरह की कोई समस्या ना हो इसे अवश्य सुनिश्चित कर लिया गया है ताकि ईवीएम सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक जमा हो सके और कार्मिकों को भी कोई समस्या ना आने पावे।

उन्होंने निर्देश दिए की ईवीएम डिस्पैच वाले दिन के लिए बिंदुवार ड्यूटी लगाई जाए जो स्टाफ का आईडी कार्ड चेक करने के उपरांत ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान केंद्रीय पुलिस बल को मंडी में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं मतगणना के दौरान ठहरने की सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम के लिए कक्ष चिन्हित कर समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द पूर्ण कर लें।

यह भी पढ़ें:-यूपी चुनाव 2022: दिग्विजय सिंह का हमला, कहा- युवाओं को नफरत सिखाना चाहती है BJP

संबंधित समाचार