बिजनौर : बस की टक्कर से बीएएमएस के छात्र की मौत
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। अमरोहा मार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक सवार बीएएमएस छात्र को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का इकलौता चिराग था। जानकारी के अनुसार ग्राम मोरना निवासी शिक्षक शमीम अहमद का पुत्र शिकेब अहमद (22) …
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। अमरोहा मार्ग पर रोडवेज बस ने बाइक सवार बीएएमएस छात्र को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का इकलौता चिराग था।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोरना निवासी शिक्षक शमीम अहमद का पुत्र शिकेब अहमद (22) अमरोहा के गजरौला में एक मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस अंतिम वर्ष का छात्र था। वह सोमवार की सुबह सात बजे बाइक से बीएएमएस की परीक्षा देने गजरौला जा रहा था। जैसे ही वह नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर गांव रतनगढ़ के पास पहुंचा तो अमरोहा की ओर से आ रही अमरोहा डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे वह बस के पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शिवालाकलां थाने में तैनात उप निरीक्षक जोगिंदर बैंसला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर भिजवाया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गये। सबका रो-रो कर बुरा हाल है। छात्र परिवार का इकलौता चिराग था। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करारकर परिजनों को सौंप दिया।
अलग अलग दुर्घटनाओं में दो युवक घायल
रविवार की देर रात शिवाला कला थाना क्षेत्र के गांव धारूपुर निवासी कपिल कुमार (35) पुत्र धर्मपाल सिंह नूरपुर किसी काम से बाइक से जा रहा था। इसी दौरान मुरादाबाद मार्ग पर गांव हसुपुरा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 112 एंबुलेंस द्वारा घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए ले जाया गया।
जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। इसके अलावा थाना शिवाला कला क्षेत्र के गांव मोरला मंडयो निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र पुत्र मांगेराम रविवार की रात करीब पड़ोस के ही गांव लोदीपुर मिलक से बाइक द्वारा अपने घर वापस आ रहा था। इसी दौरान एक बारात की बस ने उसे चपेट में ले लिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर पर उपचार के लिए लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। बताया जाता है कि परिजन गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में ले गए हैं।
