लखनऊ: सड़क हादसों में उजड़ गए राजधानी के तीन परिवार, कोहरा और तेज रफ्तार बना दुर्घटना का कारण
लखनऊ। राजधानी में तेज रफ्तार आए दिन सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। ऊपर से कोहरे के कारण सुबह के वक्त में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी और बढ़ गया है। मंगलवार को राजधानी में तेज रफ्तार और कोहरा तीन बड़े सड़क हादसों का कारण बना। जिसके कारण तीन परिवार उजड़ गए। तीन लोगों को जान …
लखनऊ। राजधानी में तेज रफ्तार आए दिन सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। ऊपर से कोहरे के कारण सुबह के वक्त में सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी और बढ़ गया है। मंगलवार को राजधानी में तेज रफ्तार और कोहरा तीन बड़े सड़क हादसों का कारण बना। जिसके कारण तीन परिवार उजड़ गए। तीन लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा, जबकि एक बुरी तरह से घायल हो गया।
नगराम के सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने दो को रौंदा
नगराम कोतवाली अंतर्गत निगोहा रोड पर समेसी पॉवर हाउस से करीब एक किलोमीटर दूरी पर सुबह करीब 6:30 बजे कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मो अजीम और उसके भतीजे जियाउर्ररहमान को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कस्बा नगराम के रहने वाले थे। मो. अजीम सुबह अपनी वेल्डिंग की दुकान खोलने जा रहे थे।
गुडम्बा में दूध के टैंकर ने नाबालिग को कुचला
गुडम्बा कोतवाली अंतर्गत बेहटा बाजार में दोपहर 11:30 बजे एक तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने बाराबंकी के देवा थानांतर्गत बबुरी गांव की रहने वाली पिंकी कुमारी (17) को कुचल दिया। पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। पिंकी के भाई पिंटू ने मामले में टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
गोसाईगंज में कोहरे के कारण ट्रेन से कटा युवक
गोसाईगंज कोतवाली अंतर्गत अनूपगंज रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर युवक का शव बरामद हुआ। जिसकी पहचान पीजीआई थानांतर्गत एकता नगर निवासी संजय (35) के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार संजय मजदूरी करता था। सुबह वह काम करने के लिए जा रहा था। रेलवे ट्रैक पार करते समय कोहरे के कारण ट्रेन की चपेट में आ गया।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: राजधानी के ऑटो चालकों से प्रतिदिन 110 रुपए गुंडा टैक्स वसूल रहे दबंग
