शाहजहांपुर: सपा प्रत्याशी राजेश यादव की छवि बिगाड़ने का वीडियो वायरल, छह नामजद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर में कटरा विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक राजेश यादव का बुधवार को एक वीडियो वायरल हो गया। आरोप है कि वायरल वीडियो में गुंडों लफंगों को दौड़ा दौड़ाकर मारने की बात को एडिट कर जाति बिरादरी से जोड़ दिया गया। सपा प्रत्याशी के वकील ने वीडियो वायरल करने वालों …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। शाहजहांपुर में कटरा विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक राजेश यादव का बुधवार को एक वीडियो वायरल हो गया। आरोप है कि वायरल वीडियो में गुंडों लफंगों को दौड़ा दौड़ाकर मारने की बात को एडिट कर जाति बिरादरी से जोड़ दिया गया। सपा प्रत्याशी के वकील ने वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए कई अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। सपा प्रत्याशी का वीडियो वायरल होने के बाद उनके वकील अवधेश कुमार मिश्र ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि बुधवार की सुबह करीब आठ बजे सोशल मीडिया पर अराजकतत्वों ने अपनी फेसबुक आईडी से कटरा विधानसभा के सपा प्रत्याशी राजेश यादव की एक वीडियो एडिट करके फर्जी तरीके से सोशल साइट पर चलाया जा रहा है।

इससे उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। आरोप है कि जिस वीडियो में एडिट करके क्षत्रिय व ब्राम्हण वर्ग के लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने का और माहौल बिगाड़ने का कार्य किया गया है। तहरीर में अमन सिंह, ठाकुर राहुल प्रताप, अक्षय सिंह परमार, ठाकुर अर्नुज सिंह तोमर, योगेश सिंह, ठाकुर अतुल सिंह व कई अन्य जो जांच के बाद सामने आएंगे के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की, जिस पर पुलिस ने सभी छह लोगों व अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।

सोशल मीडिया पर वोडियो वायरल करने के मामले में छह लोगों सहित अन्य के खिलाफआईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
—धर्मेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक- थाना सदर बाजार।

सभी जाति धर्म के लोगों का सदैव सम्मान किया: राजेश
सपा प्रत्याशी राजेश यादव ने अमृत विचार से बातचीत में कहा कि मेरा वीडियो एडिट करके वायरल किया गया है। मैंने सभी जाति धर्म के लोगों का सदैव सम्मान किया है। यही वजह है कि आज सभी जाति बिरादरी का हमें समर्थन मिल रहा है, जिससे भाजपा के लोग बौखला गए हैं और इसी बौखलाहट में कई महीने पहले का वीडियो एडिट कर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की है। कहा कि वह एक राजनीतिक परिवार से हैं। इस तरह के शब्दों को बिल्कुल इस्तेमाल नहीं करते। कभी भी ऐसे शब्द नहीं बोले हैं, जिससे किसी के सम्मान को ठेस पहुंचे।

गुजरात से आईं कुछ महिलाएं बिगाड़ रहीं माहौल
सपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि गुजरात से कुछ महिलाएं आकर धार्मिक उन्माद फैलाने वाले वीडियो दिखाकर माहौल को खराब करने की कोशिश कर रही हैं। उन महिलाओं का काम है कि मोबाइल में धार्मिक उन्माद फैलाने वाले वीडियो को घर घर जाकर दिखाना और उसके बाद माहौल को बिगाड़ना। उन्होंने इसकी भी पुलिस में शिकायत की है।

ये भी  पढ़ें-

शाहजहांपुर: 90 मिनट का निरीक्षण, खामियों पर खफा होते रहे जीएम

संबंधित समाचार