मुरादाबाद : फर्मकर्मी ने फंदे से लटककर की खुदकुशी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में फर्मकर्मी ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बारादरी में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में फर्मकर्मी ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बारादरी में माली वाली गली इकबाल बिल्डिंग के सामने रहने वाले सरताज हुसैन के परिवार में पत्नी शबाना के अलावा दो बेटे 26 वर्षीय रफीताज उर्फ नन्ने, ताहिर, शबा, इरमा और छोटी हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा रफीताज फर्म में काम करता था। इसके अलावा खाली समय में मांगलिक कार्यक्रमों में ढोल भी बजाता था। दो साल पूर्व सरताज ने उसका निकाह किया था।
शादी के कुछ दिन बाद ही उसकी पत्नी प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। इस घटना के बाद से वह अवसाद में था। मां शबाना ने बताया कि बुधवार की शाम वह सब्जी खरीदने के लिए बाजार गई थी। रफीताज ढोल बजाकर घर आया था। इसके बाद वह मकान के तीसरी मंजिल पर बने कमरे में चला गया और फंदा से लटक गया। घर में मौजूद छोटे भाई-बहनों ने उसे लटका देख शोर मचाया तो पास में ही रहने वाले उनके चाचा जुल्फेकार मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने अन्य परिजनों के साथ मिलकर नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली पुलिस उनके घर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पीएम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।
