पीएल पुनिया का हमला, कहा- भाजपा और चुनाव आयोग में गठबंधन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सत्ता पक्ष ने मतदान को प्रभावित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी वहीं ईवीएम में खराबी और मतदाता सूची में गड़बड़ी चुनाव …
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुये उत्तर प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सत्ता पक्ष ने मतदान को प्रभावित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी वहीं ईवीएम में खराबी और मतदाता सूची में गड़बड़ी चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल खड़े करती है।
पुनिया ने गुरूवार को कहा कि कुछ दिन पहले आगरा में एक दिव्यांग का वोट जबरदस्ती भाजपा के पक्ष में डलवाने का प्रयास प्रशासन के लोग कर रहे थे। चुनाव आयोग का भाजपा से गठबंधन है। वह वोटिंग से एक दिन पहले विपक्ष के इंटरव्यू रुकवा देता है, लेकिन प्रधानमंत्री का इंटरव्यू चलने देता है। ठीक वैसे, जैसे चुनाव की घोषणा से पहले पीएमओ चुनाव आयोग को तलब करता है।
पीएल पुनिया ने कहा कि भाजपा चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है और चुनाव आयोग सो रहा है। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कुठाराघात है। यदि एक भी भारतीय का मत उसकी मर्जी के बिना किसी अन्य द्वारा डाला जाता है, तो यह देश की चुनाव व्यवस्था, लोकतंत्र पर दाग है, और देश की जनता के साथ भद्दा मजाक है। उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन बीजेपी प्रत्याशियों को चुनाव जिताने के लिए सारे नियमों को तोड़ रहा है और चुनाव आयोग मौन साधे हुए है।
कांग्रेसी नेता ने कहा कि शामली के 9-थानाभवन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बूथ संख्या 229-हीट पर निर्वाचन अधिकारी द्वारा सत्ताधारी पक्ष के अलावा किसी अन्य दल के एजेंटों को कार्ड जारी नहीं किया गया। इसी तरह गाज़ियाबाद विधानसभा के अंतर्गत बूथ संख्या 314-इस्लाम नगर रेड मॉल पर लगी ईवीएम मशीन ख़राब थी। उसकी जगह सही मशीन लगाने के लिए जब स्थानीय निर्वाचन अधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल फोन उठा नहीं, न ही कोई जवाब दिया गया।
आगरा,बुलंदशहर में भी कई बूथों पर गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं।
मथुरा विधानसभा क्षेत्र में चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज में मतदान स्थल पर जाकर कई मतदाताओं को पता चला कि उनके नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं, जबकि उनके पास वोटर पर्चियां मौजूद हैं। निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया में ऐसी घटनाएं गंभीर हैं। इसपर जवाबदेही तय कर कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद: प्रियंका गांधी के पहुंचने से कांग्रेसियों का हंगामा, पार्टी के झंडे का अपमान करने का आरोप
