अयोध्या: 2021 की जनवरी में पड़ा था भयंकर जाड़ा, इस बार 4 डिग्री तक ही लुढ़का पारा
अयोध्या। रामनगरी में इस बार पिछले साल के मुकाबले कम ठंडक पड़ी। 2022 की जनवरी में महज 4 डिग्री सेल्सियस तक ही न्यूनतम पारा पहुंचा, जबकि 2021 के शुरूआती माह के पहले दिन ही जबरदस्त जाड़ा पड़ा था। पिछले साल जनवरी में न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। उस साल पड़ी ठंड …
अयोध्या। रामनगरी में इस बार पिछले साल के मुकाबले कम ठंडक पड़ी। 2022 की जनवरी में महज 4 डिग्री सेल्सियस तक ही न्यूनतम पारा पहुंचा, जबकि 2021 के शुरूआती माह के पहले दिन ही जबरदस्त जाड़ा पड़ा था। पिछले साल जनवरी में न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। उस साल पड़ी ठंड ने लोगों के दांत किटकिटा दिए थे। कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि अधिक ठंड पड़ने से जीवनशैली पर ही नहीं बल्कि फसलों पर भी प्रभाव पड़ता है।
इस साल 20 जनवरी को न्यूनतम पारा 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जनवरी की गुरुवार को सबसे ठंडा दिन माना गया था। जनवरी में पारा इससे कम नहीं गया। 2021 की जनवरी की बात करें तो नए वर्ष के पहले दिन ही पारा 3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। अगले ही दिन 2 जनवरी को 2 डिग्री, चार को 4 डिग्री व 29 जनवरी को 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़का था। तब ठंड से जिलेवासी खूब कांपे थे। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि कोहरा अधिक रहने से टेम्परेचर पर प्रभाव नहीं पड़ता है, जबकि मौसम खुलने के बाद पहाड़ों से बर्फ पिघलने लगती है और मौसम में ठंड घोल देती है।
गेहूं के लिए बेहतर व अन्य के लिए हानिकारक है ठंड
कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि कड़ाके की ठंड का असर कई फसलों के लिए लाभकारी तो कई के लिए हानिकारक होता है। अधिक ठंड के कारण सब्जियों, दलहनी फसल व चने की फसल को नुकसान होता है, जबकि इसके उलट गेहूं की फसल के लिए ठंड फायदेमंद मानी जाती है।
मौसम ने एकाएक ली करवट
बसंत पंचमी के बाद से मौसम ने एकाएक करवट ली है। हालांकि बारिश होने से जिले का न्यूनतम पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गया था, लेकिन तीन दिन से न्यूनतम तापमान 10 के ऊपर चल रहा है। दिन में लोग हॉफ स्वेटर को तवज्जो देने लगे हैं। इसमें महती भूमिका सूर्य देव निभा रहे हैं। सुबह से दर्शन देकर शाम तक आसमान में उपस्थिति दर्ज कराए रहते हैं।
वर्जन– डॉ. सीताराम मिश्रा, मौसम वैज्ञानिक, नरेंद्र देव कृषि विवि.
2022 की अपेक्षा 2021 की जनवरी में अधिक जाड़ा पड़ा था। न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस बार 20 जनवरी को ही पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
यह भी पढ़े- Moti Lal Kachowdi Bhandar: नवाबों के शहर में एक दिन में चट हो जाती हैं इस फेमस शॉप की 2500 कचौड़ियां
