चुनाव में आजम खां की कमी हो रही महसूस : अखिलेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शाहबाद, रामपुर, खौद और स्वार-टांडा में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने रामपुर के मोहल्ला जेल रोड पर हुई जनसभा में कहा कि चुनाव में आजम खां की कमी महसूस हो रही है। कहा कि पहले चरण के मतदान में सपा और आरएलडी …

रामपुर, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शाहबाद, रामपुर, खौद और स्वार-टांडा में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने रामपुर के मोहल्ला जेल रोड पर हुई जनसभा में कहा कि चुनाव में आजम खां की कमी महसूस हो रही है। कहा कि पहले चरण के मतदान में सपा और आरएलडी को बढ़त मिली है। इससे पहले यंगमैन ग्राउंड से जेल रोड तिराहे तक विजय रथ के माध्यम से हुए रोड शो में काफी लोग उमड़े।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हेलीकाप्टर यंगमैन ग्राउंड पर अपराह्न करीब दो बजे उतरा। इसके बाद रोड शो शुरू हुआ जोकि, स्वार रोड, तोपखाना रोड, बापू माल, सपा कार्यालय, मोती मस्जिद, बजरिया मुल्ला जरीफ होते हुए जेल रोड पहुंचा। जेल रोड पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले चरण में सपा-आरएलडी गठबंधन को बढ़त मिली है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा झूठा पार्टी का छोटा नेता छोटा झूठ, बड़ा नेता बड़ा झूठ और उससे बड़ा नेता उससे बड़ा झूठ बोलता है।

कहा कि इनका आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी को बंद करने का मंसूबा है, रामपुर का विकास रुक गया है। अब प्रदेश में सपा सरकार आने वाली है रामपुर का विकास तेजी से शुरू हो जाएगा। उन्होंने किसानों को गन्ना बकाया भुगतान, वृद्धावस्था पेंशन 18 हजार रुपये वार्षिक किए जाने समेत नौजवानों को रोजगार दिए जाने का भी आश्वासन दिया। रिश्तों की बाबत कहा कि नेता जी और आजम खां का रिश्ता अटूट है हमें जो विरासत में रिश्ता मिला है वह हमेशा कायम रहेगा। इस चुनाव में आजम खां की कमी बहुत महसूस हो रही है।

उन्होंने पांचों विधानसभा सीटों पर सपा का परचम लहराने की लोगों से अपील की। कहा कि बकरी चोरी, भैंस चोरी जैसे झूठे मुकदमें निम्न स्तर की सोच के लोग ही कर सकते हैं, सरकार बनने पर इन फर्जी मुकदमों का सफाया हो जाएगा। इससे पहले बाबे इल्म पर सपा नेता आसिम खां ने अपने साथियों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत किया। कार्यक्रम में अब्दुल्ला आजम, नसीर खां, आसिम राजा, फसाहत अली खां शानू, शाहजेब खां, रूही खानम, कमल कुमार तुरैहा, धर्मेंद्र सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार डबल हो गया : अखिलेश
शाहबाद।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जिले में हुई जनसभाओं में भाजपा सरकार पर कड़े हमले बोले। कहा कि डबल इंजन की सरकार में काम डबल नहीं हुए, बल्कि भ्रष्टाचार डबल हो गया। झूठ बोलने वाले सारे नेता भाजपा में भरे हुए हैं। जो जितना बड़ा नेता है, उतना ही बड़ा झूठ बोलता है।
जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना प्रधानमंत्री का नाम लिए कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है। कहा कि अब पार्टी का नाम भारतीय झूठ पार्टी हो गया है। साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव देश और संविधान को बचाने का चुनाव है, इसलिए यह चुनाव खुद जनता लड़ रही है समाजवादी पार्टी जनता के साथ है। सपा सुप्रीमो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बाबा कहकर कई मुद्दों पर निशाना साधा। स्थानीय क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पर भी तंज कसा। अपने पार्टी सांसद मोहम्मद आजम खां से लेकर किसानों तक पर हुए जुल्म का वोटों से बदला लेने की बात कही।

15 दिन में होगा गन्‍ने का भुगतान, सिंचाई के लिए देंगे मुफ्त बिजली
शाहबाद। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शाहबाद जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया है कि अगर राज्‍य में सपा सरकार आती है, तो किसानों को 15 दिन में गन्‍ने का पेमेंट मिलेगा। किसानों को इसके लिए किसानों को धरना नहीं देने पड़ेंगे और न ही अपने गन्ना भुगतान के लिए अधिकारियों से लड़ाई नहीं लड़नी पड़ेगी। उन्‍होंने 300 यूनिट फ्री बिजली के अलावा सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का वादा किया। अखिलेश ने कहा सपा सरकार में किसानों को गन्ने के भुगतान के लिए 15 दिन से ज्यादा का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हम 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे, सिंचाई के लिए बिजली माफ होगी। किसानों के लिए एमएसपी पर खरीद के लिए इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही किसानों को खाद के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।किसानों को समय से खाद मिलेगा।

योगी बाबा को नहीं आता लैपटॉप चलाना
शाहबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने योगी की चुटकी ली। कहा-बाबा को लैपटॉप चलाना नहीं आता इसलिए टैबलेट दे रहे हैं और वो भी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। हमने जो पिछली सरकार में युवाओं को लैपटॉप बांटे वह अभी तक चल रहे हैं। वहीं योगी बाबा तो गर्मीं निकालने की बात करते हैं, लेकिन हम युवाओं को रोजगार देना चाहते हैं।

संबंधित समाचार