अल्मोड़ा: लूट और फूट की राजनीति करती आई है कांग्रेस- मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अल्मोड़ा के एचएनबी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि, देवभूमि में उत्तराखंडियत की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी लूट और फूट की राजनीति करती आई है। कांग्रेस को देवभूमि की जनता से कोई लेनादेना नहीं रह गया है। वह तो …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अल्मोड़ा के एचएनबी स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि, देवभूमि में उत्तराखंडियत की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी लूट और फूट की राजनीति करती आई है। कांग्रेस को देवभूमि की जनता से कोई लेनादेना नहीं रह गया है। वह तो बस एक परिवार को बचाने की मशक्कत कर रही है लेकिन यह भूल गई है कि उत्तराखंड की धरती आस्था की धरती है, वह आडंबर स्वीकार नहीं करती।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी उत्तराखंड के सामर्थ्य पर विश्वास नहीं किया। अपनी सियासत के लिए सालों तक उत्तराखंड राज्य की मांग का गला घोंटकर यहां के लोगों की भावनाओं से खेलने का काम किया लेकिन आज जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बदौलत बना उत्तराखंड इक्कीस साल का हो गया है तो कांग्रेस को उत्तराखंडियत की याद आने लगी है।

मोदी ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को उत्तराखंड की नहीं बल्कि दिल्ली दरबार की ज्यादा चिंता रहती है। आरोप लगाया कि, कांग्रेस नेता अपनी काली कमाई दिल्ली दरबार तक पहुंचाते रहे हैं और आज तक बिना दलाली के किसी कार्य को आगे नहीं बढऩे दिया।
तुष्टिकरण की करती है राजनीति प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि आज उत्तराखंड में कांग्रेस शिक्षा के नाम पर भी तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है। कांग्रेस उत्तराखंड को टुकड़ों में बांटना चाहती है इसलिए आज हमें ऐसी विभाजनकारी सोच से उत्तराखंड की पवित्रता को बचाना होगा।

भाजपा की नीतियों के बारे में बताया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड, ऋषिकेष-कर्णप्रयाग रेल मार्ग का कार्य तेजी से चल रहा है। टकनपुर-बागेश्वर रेल लाइन का काम भी जल्द पूरा होगा। केंद्र सरकार ने अस्सी लाख नए पक्के मकान बनाने का लक्ष्य रखा है। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के निर्माण पर काम चल रहा है। जमरानी बांध का काम जल्द शुरू होने वाला है। जल जीवन मिशन के तहत अभी तक आठ लाख घरों को पानी के कनेक्शन दिए जा चुके हैं जबकि इस बार के बजट में पानी के लिए 60 हजार करोड़ का लक्ष्य है। सीमा से सटे गांवों के लिए भाजपा की वाइब्रेंट विलेज की योजना है।

केदारखंड का विकास को दी ऊंचाई
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा ने केदारखंड में केदारनाथ के विकास को नई ऊंचाई दी। वहीं, मानस खंड के विकास के लिए भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अगले पांच सालों में उत्तराखंड में मानस खंड टूरिज्म सर्किट डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता है। कुमाऊं के विकास के लिए कुछ समय पूर्व हल्द्वानी में 17 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का उनके द्वारा शिलान्यास किया गया है, जिनका शीघ्र ही धरातल पर क्रियान्वयन होगा। अल्मोड़ा के प्रसिद्ध कटारमल सूर्य मंदिर को एक नई पहचान देने का काम किया जाएगा।

कांग्रेस ने सेना के शौर्य पर उठाए सवाल
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देवभूमि के घर-घर से पैदा होने वाले देश के उस वीर जवान का अपमान किया, जो देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से नहीं डरते। वन रैंक-वन पेंशन के मसले को कांग्रेस ने सालों तक लंबित रखा। सर्जिकल स्ट्राइक और गलवान में सैनिकों के शौर्य पर सवाल उठाए और जनरल बिपिन रावत के लिए अपशब्द कहे, जिसे उत्तराखंड के फौजी कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

संबंधित समाचार