10 मार्च को सपा बन जाएगी समाप्तवादी पार्टी : केशव
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाइनपार स्थित रामलीला मैदान की चुनावी सभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सपा पर हमलावर रहे। बसपा, कांग्रेस को चुनावी परिदृष्य से बाहर बताया और 10 मार्च को सपा के समाप्तवादी पार्टी बन जाने का ऐलान किया। वह यहीं नहीं रुके, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को माफिया का सरदार तक कह …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाइनपार स्थित रामलीला मैदान की चुनावी सभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सपा पर हमलावर रहे। बसपा, कांग्रेस को चुनावी परिदृष्य से बाहर बताया और 10 मार्च को सपा के समाप्तवादी पार्टी बन जाने का ऐलान किया। वह यहीं नहीं रुके, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को माफिया का सरदार तक कह डाला।
बोले, नई सपा का उनका नारा झूठा है। सच तो यह कि अब सपा से जनता खफा है। उप मुख्यमंत्री मौर्य ने शहर के लोगों संग अपने रिश्ते की दुहाई दी। बोले, सभी से आशीर्वाद मांगने आया हूं। उम्मीद है कि इस बार लोग 2017 का रिकार्ड तोड़े देंगे। जिले की जनता जीत का सिक्सर (छक्का) लगाकर प्रदेश में फिर 24 करोड़ जनता के लिए पक्के मकान दिलाने और गुंडे- माफिया को सजा दिलवाने वाली सरकार बनवाएंगे। उन्होंने लोगों से साल 2017 के पहले वाले यूपी की चर्चा की।
बताया कि तब गुंडे-माफिया, अपराधी प्रशासन और सरकार चला रहे थे। हमने दंगा रोका। गुंडई बंद करा दी, विकास किया और सुशासन की स्थापना की, 24 करोड़ लोगों को सुरक्षा की गारंटी दी। अब सरकार बनने के साथ ऐसे लोगों को सबक सिखाएंगे और उन्हें फर्क समझाएंगे। उन्होंने कहा किसभी विपक्षी एकजुट होकर भाजपा को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। 2014 के लोक सभा चुनाव में एकजुट हुए थे। 2019 में यूपी से 64 सांसद जीते और 51 प्रतिशत लोगों का आशीर्वाद मिला। यह चुनाव साल 2024 के लोक सभा चुनाव की बुनियाद है।
हमें इस बात का पूरा ध्यान रखना है। तर्क दिया कि विकास साइकिल, हाथी और पंजा पर नहीं आता। विकास के लिए लक्ष्मी का सहारा है। लक्ष्मी कमल पर सवार होकरआती हैं, इसलिए भाजपा की सरकार बनानी होगी। कहा, 56 इंच के सीना वाले नरेंद्र मोदी और प्रदेश की जनता की उम्मीद आदित्यनाथ योगी के डबल इंजन की सरकार ही विकास का इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि हम विना भेदभाव से काम करते हैं। राशन, बिजली, दवाई, पढ़ाई और सुरक्षा की राजनीति की है। मौर्य ने कोरोना रोधी वैक्सीन की खिल्ली के मुद्दे पर सपा प्रमुख की आलोचना की। कहा, अखिलेश ने देश के वैज्ञानिकों का अनादर किया है, इसलिए क्षेत्र की जनता 14 फरवरी को भाजपा के पक्ष में मतदान कर उन्हें सबक सिखाएगी।
लोगों से जोड़ा दिल का नाता, अपने नाम पर मांगा सहयोग
मुरादाबाद। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लाइनपार की सभा में पहले भीड़ से खुद का रिश्ता जोड़ा। मंच से चरण स्पर्श की संदेश देकर आशीर्वाद मांगा। संसार में मुरादाबादी धमक की बात कही और पीतलनगरी का बखान किया। चुनाव में लोगों से कमल खिलाने की अपील की।
कहा, यहां केशव को उम्मीदवार मानकर सभी को मतदान करना है। उनके इस संदेश के बाद लोग मंच पर एक दूसरे का मुंह देखने लगे। चौपाल तक इस बात की चर्चा होती रही। उन्होंने जनता से अपील की कि मुझे कर्ज के रूप में सहयोग चाहिए। इस ऋण का पाई-पाई चुका दूंगा। ऐलान किया कि मुरादाबाद वाले मेरा सिर ऊंचा करेंगे तो प्रदेश में यहां के लोगों का मस्तक ऊंचा करुंगा। मौर्य की इस अपील की यहां राजनीतिक गलियारे में समीक्षा की जा रही है।
विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक संवर्धन के मुद्दे पर यहां के प्रयास की लोग चर्चा कर रहे हैं। जिले की छह सीटों पर कमल खिलाने की उनकी मार्मिक अपील और उम्मीदवारों के प्रयासों के अर्थ निकाले जा रहे हैं। मंच से वक्ताओं ने भीड़ की प्रशंसा की। यह बताने का प्रयास किया कि वर्ष 2017 की सभा से अधिक उत्साह इस बार है। सभा में रोमांच पैदा करने के लिए रिकार्डिंग बजायी गयी। मुख्य अतिथि के आने में विलंब की खाई पाटने के लिए जोर- जोर से गाने बजवाए गए। सभा का संचालन एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने की। सभा को एमएलसी गोपाल अंजान, मेयर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा.शेफाली सिंह, साध्वी गीता प्रधान, गिरीश वर्मा, मोहन लाल सैनी, मिथलेश रानी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
