बिजनौर : केशव प्रसाद मौर्य बोले- अब नहीं करते माफिया जमीन पर कब्जा
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। भाजपा सरकार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बहा दी है। अब माफिया जमीन पर कब्जा नहीं करते हैं। महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह बात शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री ने नूरपुर विस क्षेत्र के राजा का ताजपुर में आयोजित चुनावी में कही। उन्होंने …
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। भाजपा सरकार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बहा दी है। अब माफिया जमीन पर कब्जा नहीं करते हैं। महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह बात शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री ने नूरपुर विस क्षेत्र के राजा का ताजपुर में आयोजित चुनावी में कही। उन्होंने जहां भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई, वहीं सपा व बसपा पर भी बरसे।
गांव राजा का ताजपुर बस स्टैंड के निकट नौमी मैदान में आयोजित चुनावी सभा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। प्रदेश को सुरक्षा और सुशासन का मॉडल बना दिया है।
जनता, संगठन और सरकार के समुचित प्रयास से नये भारत का नया उत्तर प्रदेश उभरा है। गुंडे, माफिया व अपराधी प्रदेश छोड़कर चले गए हैं या फिर जेल में हैं। सपा बसपा की सरकार में अपराधी खुलेआम अपराध करते थे। महिलाएं व मासूम बच्ची सुरक्षित नहीं थी। भू-माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे, लेकिन भाजपा सरकार ने माफिया पर नकेल कसी और जेल भेजा।
भाजपा ने मेडिकल कॉलेज से लेकर इंटर कॉलेज बनवाने का काम किया है। एक्सप्रेसवे बनवाने के काम किया है। बिजली लगातार मिल रही है। किसान नौजवान खुशहाल हैं। छोटे-बड़े व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। उन्होंने नूरपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह को जिताने की अपील की। इससे पूर्व प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, राजीव त्यागी, पूर्व विधायक डॉ. बीपी सिंह आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता धर्मपाल सैनी और संचालन दिनेश कुमार ने किया।
