पीलीभीत: निर्दलीय उम्मीदवार ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों को पीटा, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीसलपुर,अमृत विचार। एक ही परिवार से चुनाव मैदान में एक दूसरे के खिलाफ उतरे दो उम्मीदवारों के घर की लड़ाई पुलिस तक पहुंच गई। कांग्रेस प्रत्याशी शिखा पांडेय के चुनाव कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं से गाली गलौज करते हुए मारपीट और धमकाने के आरोप सगे जेठ निर्दलीय प्रत्याशी नितिन पाठक पर लगाए गए। पुत्रवधु की …

बीसलपुर,अमृत विचार। एक ही परिवार से चुनाव मैदान में एक दूसरे के खिलाफ उतरे दो उम्मीदवारों के घर की लड़ाई पुलिस तक पहुंच गई। कांग्रेस प्रत्याशी शिखा पांडेय के चुनाव कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं से गाली गलौज करते हुए मारपीट और धमकाने के आरोप सगे जेठ निर्दलीय प्रत्याशी नितिन पाठक पर लगाए गए।

पुत्रवधु की तरफ से ससुर ने आगे आकर अपने बड़े बेटे (निर्दलीय उम्मीदवार) के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने निषेधाज्ञा उल्लंघन, मारपीट, धमकाने की धाराओं में पांच नामजद और 40 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मुख्य आरोपी निर्दलीय उम्मीदवार को गिरफ्तार कर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। घटना पूरे दिन तहसील क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

बीसलपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने संगठन के जिला महासचिव डॉ. नगेश चंद्र पाठक की पुत्रवधु शिखा पांडेय को प्रत्याशी बनाया है, जबकि इसी सीट पर उनका बड़ा बेटा नितिन पाठक निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में है। दोनों के साथ एक ही सीट पर चुनाव लड़ने को पारिवारिक मनमुटाव से जोड़कर देखा जाता रहा था।

हालांकि पारिवारिक मसला होने के चलते कभी सुर्खियां नहीं बना। मगर, चुनाव के नजदीक आते ही हुए विवाद में घर की ये लड़ाई कोतवाली तक पहुंच गई। शनिवार को नगेश चंद्र पाठक ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि उनकी पुत्रवधु कांग्रेस प्रत्याशी के मोहल्ला बख्तावरलाल स्थित चुनाव कार्यालय पर शनिवार सुबह दोपहर करीब 12 बजे निर्दलीय उम्मीदवार नितिन पाठक अपने साथियों संग घुस आए।

इसके बाद वहां मौजूद समर्थकों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। एक दिव्यांग समर्थक सत्येंद्र की भी बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच बचाव करने पर अन्य समर्थकों से भी अभद्रता की गई। किसी तरह समर्थकों ने खुद को बचाया। इससे पूर्व में भी धमकाने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया।

सीओ प्रशांत सिंह ने मामले की जानकारी जुटाई। उसके बाद दी गई तहरीर के आधार पर नितिन पाठक, अनिल राठौर, शिवम, महावीर, जितेंद्र को नामजद और 40 अज्ञात पर धारा 147, 188, 323, 504, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की। मुख्य आरोपी निर्दलीय उम्मीदवार नितिन पाठक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से उनके दिव्यांग समर्थक सत्येंद्र का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

संबंधित समाचार