लखनऊ: सोमवार को डॉ. एमसी सक्सेना मेडिकल कॉलेज परिसर में दबिश दे सकती है पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। डॉ. एमसी सक्सेना कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस के खिलाफ परेशानियों का दौर शुरू हो चुका है। सोमवार को पुलिस को कॉलेज के परिसर के अंदर जांच करने के लिए संभवत: सर्च वारंट मिल सकता है। इसके बाद पुलिस कॉलेज में घुसकर सीसीटीवी फुटेज, मजदूरों के रिकॉर्ड्स, मरीजों के रिकॉर्ड्स आदि के बारे में पता …

लखनऊ। डॉ. एमसी सक्सेना कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस के खिलाफ परेशानियों का दौर शुरू हो चुका है। सोमवार को पुलिस को कॉलेज के परिसर के अंदर जांच करने के लिए संभवत: सर्च वारंट मिल सकता है। इसके बाद पुलिस कॉलेज में घुसकर सीसीटीवी फुटेज, मजदूरों के रिकॉर्ड्स, मरीजों के रिकॉर्ड्स आदि के बारे में पता लगाएगी।

मजदूरों को बंधक बनाकर वीगो लगाने का मामला

विदित हो कि मजदूरों को फर्जी मरीज बताकर बंधक बनाने और बिना बीमारी इंजेक्शन व वीगो लगाने के मामले में गत बुधवार पुलिस कॉलेज परिसर में जांच करने पहुंची थी तो कॉलेज प्रबंधन की ओर से सर्च वॉरंट की मांग करते हुए पुलिस को परिसर के अंदर घुसने नहीं दिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने कोर्ट में सर्च वॉरंट याचिका दायर की थी। पर अबतक पुलिस को सर्च वॉरंट प्राप्त नहीं हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार न्यायालय आगामी सोमवार को सर्च वॉरंट पर निर्णय लेगी।

दस्तावेज जमा न कराने के खिलाफ होगी न्यायिक कार्रवाई

मामले में बुरी तरफ फंसने के बावजूद कॉलेज प्रबंधन लगातार सरकारी आदेश को ताक पर लिये बैठा है। दरअसल गत गुरुवार पुलिस ने कॉलेज के गेट पर 10 बिन्दुओं पर जानकारी मांगते हुए नोटिस चस्पा किया था। इसमें कॉलेज से सीसीटीवी रिकॉर्ड, मरीजों का एक साल कर रिकॉर्ड, कॉलेज में काम करने वाले मजदूरों का एक साल का रिकॉर्ड आदि के दस्तावेज 24 घंटे में अर्दली को जमा करने का आदेश दिया गया था। पर अबतक कॉलेज की ओर से दस्तावेज जमा नहीं कराए गए हैं। अब पुलिस सरकारी आदेश की अवहेलना के कारण कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ न्यायिक कार्रवाई करने की तैयारी में है।

डॉ. शेखर सक्सेना व लव सक्सेना को रिमांड पर लेने की तैयारी

कॉलेज के निदेशक डॉ. शेखर सक्सेना व एडमिनिस्ट्रेटर लव सक्सेना को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को 15 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत पर भेजा गया है। अब पुलिस दोनों को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट याचिका दायर करने जा रही है।

निदेशक डॉ एमसी सक्सेना फरार, अलीगंज और महानगर स्थित घरों पर नोटिस चस्पा

पुलिस ने डॉ. एमसी सक्सेना ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संस्थापक सह चेयरमैंन डॉ एमसी सक्सेना के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पर डॉ. एमसी सक्सेना अपने परिवार समेत फरार है। पुलिस ने उसके अलीगंज के चंद्रलोक कॉलोनी स्थित घर व महानगर स्थित घरों पर नोटिस चस्पा किया है। जिसमें सरेंडर करने का आदेश दिया गया है।

क्या है मामला

ठाकुरगंज थानांतर्गत दुबग्गा स्थित डॉ. एमसी सक्सेना कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस में गत मंगलवार नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के निरीक्षण को लेकर बेहतर ग्रेडिंग पाने के लिए कुछ मजदूरों को पैसे का लालच देकर फर्जी मरीज बनाकर अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था।

इसके कुछ समय बाद मरीजों को बिना कोई बीमारी जबरन वीगो और इंजेक्शन चढ़ाया जाने लगा। जब मरीजों ने इनकार करते हुए वापस जाने की कोशिश की तो कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर उन्हें बंधक बना लिया गया। पर इसी बीच एक मजदूर किसी तरह भाग कर पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई मजदूरों को अस्पताल से छुड़वाया।

डॉ. एमसी सक्सेना कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस के खिलाफ सोमवार को कोर्ट से सर्च वॉरेंट मिल सकता है। वॉरंट मिलने के बाद पुलिस कॉलेज परिसर के अंदर जाकर जांच शुरू करेगी। वहीं गुरुवार को कॉलेज गेट पर चस्पा किये गये नोटिस पर अबतक कॉलेज प्रबंधन ने दस्तावेज जमा नहीं कराये हैं, जिसके खिलाफ न्यायिक कार्रवाई होगी। गिरफ्तार शेखर सक्सेना व लव सक्सेना को भी रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

-सोमेन वर्मा, डीसीपी, लखनऊ पश्चिम

यह भी पढ़ें: अमरोहा में बोले सीएम योगी, गुंडों को भेजा गया जेल, बहन-बेटियां सुरक्षित

 

संबंधित समाचार