हरदोई में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर बरामद
हरदोई। सण्डीला पुलिस ने एसओजी व स्वाट टीम की मदद से शातिर ट्रैक्टर चोरों को दबोच लिया। उनके कब्ज़े से शाहजहांपुर और सण्डीला में अतरौली रोड से चोरी किए गए दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इसका खुलासा एसपी राजेश द्विवेदी ने मीडिया के सामने किया। एसपी श्री द्विवेदी ने रविवार को बताया कि रविवार की …
हरदोई। सण्डीला पुलिस ने एसओजी व स्वाट टीम की मदद से शातिर ट्रैक्टर चोरों को दबोच लिया। उनके कब्ज़े से शाहजहांपुर और सण्डीला में अतरौली रोड से चोरी किए गए दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इसका खुलासा एसपी राजेश द्विवेदी ने मीडिया के सामने किया।
एसपी श्री द्विवेदी ने रविवार को बताया कि रविवार की सुबह सण्डीला पुलिस और एसओजी व स्वाट टीम मलैंया बार्डर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच मुखबिर की खबर के मुताबिक तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया।
सड़क किनारे खड़े स्वराज ट्रैक्टर की करी थी चोरी
पुलिस पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए महेंद्र, देवेन्द्र और मनोज ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले तीनों अपने साथियों के साथ वैगन-आर कार पर सवार होकर सण्डीला पहुंचे। अतरौली रोड पर रैकी के दौरान वहां सड़क के किनारे से स्वराज ट्रैक्टर को चोरी कर लिया। जबकि करीब डेढ़ साल पहले सितंबर में शाहजहांपुर ज़िले के खुटार रोड, मुरादनगर थाना बण्डा से स्वराज ट्रैक्टर मय ट्राली के चोरी किया था। जिसका मुकदमा बण्डा थाने में दर्ज है।
कागज नहीं होने से नहीं बिक सका ट्रैक्टर
कागज़ न होने की वजह से ट्रैक्टर बिक नही सका। तीनों चोरी के ट्रैक्टर बेचने की फिराक में थे। उसी बीच उन्हें पुलिस ने दबोच लिया। एसपी श्री द्विवेदी ने पकड़े गए चोरों के बारे में बताया है कि महेन्द्र कुमार यादव पुत्र गयादीन यादव निवासी चिन्नाखेड़ा बनीगंज थाना मौरवा ज़िला उन्नाव, देवेन्द्र कुमार सिंह उर्फ मोटू पुत्र हरिपाल सिंह निवासी विलुन्दपुर गद्दीपुर थाना पुवायां जिला शाहजहांपुर और मनोज सिंह उर्फ प्रधान पुत्र रामपाल सिंह निवासी पटई कठवा थाना पुवायां ज़िला शाहजहांपुर काफी शातिर किस्म के है।
जबकि उनके तीन साथी नेत्रपाल सिंह पुत्र शिवपाल सिंह, रणधीर सिंह उर्फ राजा पुत्र दामोदर सिंह व सचिन सैनी पुत्र शेतपाल सैनी फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर चोरों को पकड़ने और चोरी के ट्रैक्टर बरामद करने में सण्डीला कोतवाली के एसएचओ बेनीमाधव त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी वर्मा रमेश सिंह, स्वाट टीम प्रभारी प्रेमसागर सिंह,सण्डीला कस्बा चौकी प्रभारी बालेन्द्र कुमार मिश्र के अलावा हेड कांस्टेबिल रमेश सिंह, मनोज शुक्ला, दिनेश चन्द्र शर्मा, इरफान, सुभाष, मोहम्मद कलीम, कांस्टेबिल जितेन्द्र सिंह, मंजेश कुमार, ब्रजनंदन त्रिवेश कुमार, आदित्य प्रताप सिंह, सुरजीत सिंह, आशीष सिंह, ओमवीर और प्रदीप कुमार शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: अमरोहा : अवैध संबंध में महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
