हारदोई: धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। मल्लावां कोतवाली इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां घर के अंदर सो रहे एक बुज़ुर्ग की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसका पता होते ही इलाके में कोहराम मच गया। एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर उसका …
हरदोई। मल्लावां कोतवाली इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां घर के अंदर सो रहे एक बुज़ुर्ग की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसका पता होते ही इलाके में कोहराम मच गया। एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया है। एसपी ने बताया कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।
इस तरह की सनसनीखेज़ वारदात मल्लावां कोतवाली इलाके के गंज जलालाबाद में हुई। जलालाबाद पुलिस चौकी से लगभग सौ मीटर की दूरी पर गंज जलालाबाद निवासी शफीक उर्फ चंदा रविवार की रात को अपने घर में सो रहा था। इसी बीच हमलावरों ने कमरे में पहुंच कर उसके ऊपर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला करते हुए बड़ी बेरहमी से हत्या को अंजाम दे डाला। इसके बाद हत्यारे वहां से फरार हो गए।
बताया गया है कि वही दूसरे कमरे में शफीक उर्फ चंदा की पत्नी सो रही थी। इसी बीच वह पेशाब के लिए उठी तो उन्होंने कमरे में झांक कर देखा, जहां उसका पति खून से लथपथ पड़ा हुआ था। पति को इस हालत में देखते ही उसके मुंह से चीख निकल गई। चीखने-चिल्लाने की आवाज़ से रात का सन्नाटा टूट गया। आस-पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। शफीक उर्फ चंदा को इस हालत में पड़ा देख हर किसी का कलेजा मुंह को आ गया। इस बारे में बताया गया है कि शफीक उर्फ चंदा खेती-किसानी करके अपना और अपने परिवार वालों का पेट पाल रहा था।
पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई वारदात ने पुलिस को बेचैन कर दिया। उसने आनन-फानन में मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी। इसका पता होते ही एसपी राजेश द्विवेदी तुंरत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वारदात से जुड़ी जानकारी लेते हुए बुज़ुर्ग के घर वालों और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वारदात का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।
किसी करीबी का हो सकता है हाथ
हरदोई। शफीक उर्फ चंदा की हत्या की पड़ताल कर रही पुलिस के ज़ेहन में बार-बार एक ही बात बिजली की तरह कौंध रही है कि इस वारदात में कही किसी करीबी का हाथ तो नहीं ? इसके अलावा कुछ और भी तरह की बातें सामने आ रही है,जो वारदात से जुड़ी हुई मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस गहराई से छानबीन करने में जुट गई है।
आंखों में ही काट दी पूरी रात
दिल दहला देने वाली वारदात की खबर सुनते ही गंज जलालाबाद के लोग इतना दहशत में आ गए कि नींद टूटने के बाद दोबारा नींद नहीं आई। डरे-सहमें लोग सारी रात जागते रहे। नींद उनकी आंखों से कोसों दूर भाग गई। सारी रात शफीक उर्फ चंदा के घर के आसपास भीड़ इकट्ठा रही। हर कोई हत्या करने वाले दरिंदों को कोसता दिखा।
यह भी पढ़ें:-सिर की चोट से जल्द उबर जाएंगे स्टीव स्मिथ, पाकिस्तान दौरे तक होंगे फिट
