बिजनौर: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मुकदमा दर्ज
बिजनौर/नहटौर, अमृत विचार। गांव रुखडियो के निकट एक ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक व ट्रक को कब्जे में लिया और थाने ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के …
बिजनौर/नहटौर, अमृत विचार। गांव रुखडियो के निकट एक ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक व ट्रक को कब्जे में लिया और थाने ले आई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार की सुबह गांव हरपुर निवासी फैजल (20) पुत्र जहीरुद्दीन बाइक से नहटौर सामान खरीदने आया था। बताया गया कि जब वह वापस घर लौट रहा था तो रुखडियो गांव की नहर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे फैजल बाइक समेत सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद मृतक की जेब से मिले कागजात व मोबाइल की मदद से शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और चालक व ट्रक को थाने ले गए। मृतक के पिता ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक गफ्फार पुत्र मुस्तकीम थाना हीमपुर दीपा के गांव रहरा का निवासी है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मतदान करने आया था फैजल
मृतक के पिता ने बताया कि फैजल छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह दिल्ली में रहकर काम करता था और परिवार के लालन-पालन में मदद करता था। रविवार को वह दिल्ली से घर मतदान करने आया था। बुधवार को उसे वापस दिल्ली लौटना था। गांव के लोगों ने बताया कि फैजल मिलनसार था।
