संभल : पति से कहासुनी होने पर पत्नी ने फंदे से लटककर दी जान
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव में घरेलू कलह के चलते 32 वर्षीय महिला ने कमरे में फंदे लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों की सहमति से महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई कराने …
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव में घरेलू कलह के चलते 32 वर्षीय महिला ने कमरे में फंदे लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों की सहमति से महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
मंगलवार को कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर निवासी 32 वर्षीय धनदेवी पत्नी मोरध्वज ने सुबह के समय में कमरे की छत में लगे कुंडे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब दस बजे किसी बात को लेकर पति पत्नी में कहासुनी हो गई। कहासुनी होने के बाद मोरध्वज घर से बाहर चला गया था। वापस आकर घर में पत्नी के दिखाई नहीं देने पर कमरे के पास जाकर आवाज लगाई।
कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा को धक्का देकर खोलकर देखा तो पत्नी को फंदे से लटका देखकर चीख निकल गई। चीख पुकार को सुनकर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और धन देवी को जमीन पर उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मायके वाले भी मौके पर पहुंचे और बेटी के ससुरालियों पर मारने का आरोप लगाया।
परिजनों और आसपास के लोगों ने मायके वालों को समझाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद वापस लौट आई। सहमति बनने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कैलादेवी थाना निरीक्षक प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे, लेकिन दोनों पक्षों में सुलह समझौता होने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
