लखनऊ: माघी पूर्णिमा स्नान व रविदास जयंती की तैयारियों का मुख्य सचिव ने लिया जायजा
लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान व वाराणसी में रविदास जयंती के अवसर पर आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कोविड प्रोटोकॉल तथा नदी व मेला परिसर के साथ घाटों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने निर्देश देते हुये कहा है कि इस दौरान जुलूस में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व …
लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने प्रयागराज में माघी पूर्णिमा स्नान व वाराणसी में रविदास जयंती के अवसर पर आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कोविड प्रोटोकॉल तथा नदी व मेला परिसर के साथ घाटों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने निर्देश देते हुये कहा है कि इस दौरान जुलूस में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व शरारती तत्वों पर निगरानी रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहे।
नाव पलटने जैसी घटनाओं से बचने के लिए जल पुलिस रहे मुस्तैद
वाराणसी तथा प्रयागराज जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा कर रहे मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि स्नान के दौरान नाव पलटने, डूबने जैसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस अपने विशेष दस्ते के साथ मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई भी असुविधा
उन्होंने इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का विशेष रूप से पालन कराये जाने के लिये मेला आयोजन स्थल तथा मंदिर परिसर में कोविड हेल्प डेस्क, जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं, एम्बुलेंस आदि की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुये कहा कि ऐसा बंदोबस्त रखा जाये कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार कि कोई असुविधा न हो और वह सकुशल अपने घरों को जाएं।
घाट व हर जगह रहे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती
बैठक में अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों ने सभी कैंपों का भ्रमण कर, बस और अन्य भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। उन्होंने बताया कि रात में भी अधिकारी मेला परिसर, घाटों व कल्पवासियों के बीच मौजूद रहेंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
बैठक के दौरान वाराणसी और प्रयागराज प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया है कि दोनों आयोजनों को लेकर सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी प्रमुख जगहों पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, स्वच्छता की दृष्टि से अस्थाई शौचालय, सफाई कर्मियों की उपलब्धता रहेगी। इसके अलावा नगर निगमों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे।
सभी विभागों के साथ की गई समन्वय बैठक: एडीजी कानून
प्रदेश के एडीजी कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने प्रयागराज व काशी के सभी घाटों, रविदास मंदिर परिसर में पुलिस बल की मौजूदगी को लेकर सभी अधिकारियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से एडीजी माघ मेला प्रयागराज, पुलिस कमिश्नर वाराणसी सबसे चर्चा हो चुकी है। इसके साथ ही सभी विभागों के साथ समन्वय बैठक भी कर ली गई है, जिससे दोनों महत्वपूर्ण पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्द्यपूर्ण तरीके से सम्पन्न हों।
यह भी पढ़ें: कौशांबी: केशव प्रसाद मौर्य को चुनौती दे रहे छेद्दू चमार, कहा- जनता का जरूर मिलेगा प्यार
