बरेली: कुष्ठ रोग के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
बरेली,अमृत विचार। रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं हॉस्पिटल के अर्बन हेल्थ सेंटर रामपुर गार्डन में बुधवार को कुष्ठ रोग जागरुकता अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें रोगों के लक्षण और उससे बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताई गईं। गोष्ठी में डा. अनु शर्मा ने बताया कि कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार …
बरेली,अमृत विचार। रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं हॉस्पिटल के अर्बन हेल्थ सेंटर रामपुर गार्डन में बुधवार को कुष्ठ रोग जागरुकता अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें रोगों के लक्षण और उससे बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बताई गईं।
गोष्ठी में डा. अनु शर्मा ने बताया कि कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के साथ ही कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति की त्वचा पर पीले अथवा लाल घावों में कम संवेदना मिलती है, तो ऐसे लक्षण कुष्ठ रोग के हो सकते हैं। इस प्रकार का कोई भी लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर जांच करानी चाहिए। इसकी जांच एवं उपचार निश्शुल्क है। डा. कनक कौशल ने बताया कि कुष्ठ रोग की तरह टीबी की बीमारी से बचाव के लिए भी सजग होने की जरूरत है।
उन्होंने सभी लोगों को बताया कि अगर कोई ऐसा व्यक्ति है, जिसे दो हफ्ते से अधिक की खांसी हो या खांसी के साथ बलगम आता हो, तो वह तत्काल चिकित्सक से मिलकर सलाह ले। कार्यक्रम आयोजक विवेक मिश्रा ने डीएम के संदेश के बारे में आम लोगों को बताया कि इस रोग का उपचार जिला चिकित्सालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निश्शुल्क उपलब्ध है। गोष्ठी में सुशीला, प्रवीन कुमार, शवनम, प्रेमवती, केशव, अमित, कविता आदि मौजूद रहे।
