मुरादाबाद : तमिलनाडु की छात्रा को न्याय दिलाने सड़क पर उतरी अभाविप
मुरादाबाद, अमृत विचार। तमिलनाडु में ईसाई धर्म न अपनाने पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने और आरोप में पकड़े गए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को रिहा कराने के लिए स्थानीय पदाधिकारी गुरुवार को सड़क पर उतर आए। अंबेडकर पार्क में एकत्र होकर तमिलनाडु सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में सरकार का …
मुरादाबाद, अमृत विचार। तमिलनाडु में ईसाई धर्म न अपनाने पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने और आरोप में पकड़े गए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को रिहा कराने के लिए स्थानीय पदाधिकारी गुरुवार को सड़क पर उतर आए। अंबेडकर पार्क में एकत्र होकर तमिलनाडु सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बाद में सरकार का पुतला फूंककर मांगों का निस्तारण न होने पर पूरे देश में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मेरठ प्रांत की प्रांत उपाध्यक्ष डा. मीनू मेहरोत्रा के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी सिविल लाइंस स्थित अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। यहां पर सभी ने तमिलनाडु सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि तमिलनाडु में पढ़ने वाली छात्रा लावण्या पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाला जा रहा था।
इंकार करने पर हास्टल में शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। लावण्या को इस कदर प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या कर ली। तमिलनाडु सरकार ने इस मामले में ढुलमुल रवैया अपनाया। छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने वालों को पकड़ने की बजाए अभाविप की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी समेत करीब 35 कार्यकर्ताओं को निराधार सबूतों के आधार पर गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
जिससे देश भर में अभाविप के कार्यकर्ताओं में आक्रोश हैं। उन्होंने बेगुनाह कार्यकर्ताओं की रिहाई और छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। इसके बाद सभी ने तमिलनाडु सरकार का पुतला फूंककर विरोध-प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रांत सहमंत्री सचिन सिंह समेत सरल सिंह, आदेश प्रताप सिंह, गौरव, संजय कुमार, छविनाथ अरोड़ा, अभिषेक चौधरी, दीपक दिवाकर, यश यादव, कार्तिक यादव और अनुभव गुप्ता आदि मौजूद रहे।
