उन्नाव: डीसीएम ने बारातियों को कुचला, एक की मौत, एक दर्जन घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई उन्नाव मार्ग पर अटवा गांव के निकट बुधवार देर रात ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। तभी पीछे से आ रहे मवेशियों से भरी डीसीएम बारातियों को कुचलते हुए पलट गया। हादसे में एक बाराती की वाहन के नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं एक दर्जन से अधिक …

उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई उन्नाव मार्ग पर अटवा गांव के निकट बुधवार देर रात ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। तभी पीछे से आ रहे मवेशियों से भरी डीसीएम बारातियों को कुचलते हुए पलट गया। हादसे में एक बाराती की वाहन के नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं एक दर्जन से अधिक घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को सीएचसी सफीपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने घायलों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सात घायलों की हालत में सुधार होता न देख कानपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद हरदोई उन्नाव मार्ग करीब डेढ घंटे तक जाम लगा रहा।

सड़क किनारे नाश्ता कर रहे थे बाराती, कुचलते हुए पलटा डीसीएम

सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव जमालनगर गांव के रहने वाले बंदीदीन के बेटे अवधेश उर्फ छोटू की बारात इसी कोतवाली क्षेत्र के अटवा गांव निवासी राजेश के घर आ रही थी। इसी दरम्यान गांव के समीप रास्ते में सडक किनारे बाराती नाश्ता कर रहे थे। उन्नाव से सफीपुर की ओर जा रहे ट्रक चालक ने लोडर में टक्कर मार दी।

उसी दौरान सफीपुर से मवेशियों को लादकर उन्नाव की ओर जा रही डीसीएम भी ट्रक से टकराने के बाद बारातियों को कुचलते हुए पलट गया। हादसे में एक दर्जन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को सफीपुर सीएचसी में कराया गया भर्ती

आनन फानन एम्बुलेंस से सभी को सफीपुर सीएचसी मे भर्ती कराया गया। जहां डाक्टर ने कमलेश पुत्र रामसेवक निवासी जमाल नगर सफीपुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में अवधेश पुत्र शिवलाल निवासी टांडा मीता, दानिश पुत्र बादशाह, हिमांशू पुत्र रमेश, राजकुमार पुत्र हरीराम, राजकुमार पुत्र साहब लाल, सतेंद्र पुत्र हरिकरन निवासी जमालनगर और संजय पुत्र रामआसरे निवासी गंगईखेड़ा बिधनू, कन्हई पुत्र संतू निवासी अहिरणखेड़ा करौंदी रहीमाबाद लखनऊ, राजेश पुत्र शिवबालक निवासी कटियामऊ, श्याम कुमार पुत्र गयाप्रसाद निवासी ददलहा व विजय सिंह पुत्र सुभाष सिंह निवासी गोविन्द नगर कानपुर घायल हो गए थे।

मृतक का शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

वहीं घायलों में से कन्हई, श्यामू, संजय, राजकुमार, दानिश, विजय, को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरूवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवानें के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। छोटे भाई रमेश ने बताया कि कमलेश अविवाहित था। गांव में रहकर मिटटी के बर्तन बनाकर बाजार में बिक्री करता था। बारात जाते वक्त हादसे का शिकार हो गए।

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: खेत की मिट्टी में धंसा मिला युवक का शव, हत्या की जताई जा रही आशंका

संबंधित समाचार