कोविड की तीसरी लहर नियंत्रण में, कोरोना की हार तय: सीएम योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में कोविड तीसरी लहर नियंत्रण में है, कोरोना की हार तय है। उन्होंने कहा कि औसतन 02 लाख से ढाई लाख टेस्ट हर दिन किए जा रहे हैं और पॉजिटिविटी दर में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 17 जनवरी के एक लाख से अधिक …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में कोविड तीसरी लहर नियंत्रण में है, कोरोना की हार तय है। उन्होंने कहा कि औसतन 02 लाख से ढाई लाख टेस्ट हर दिन किए जा रहे हैं और पॉजिटिविटी दर में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 17 जनवरी के एक लाख से अधिक सक्रिय मामलों के सापेक्ष एक माह के बाद मात्र आठ हजार 683 सक्रिय मामलें ही शेष हैं। उन्होंने कहा कि यह संक्रमण वायरल फीवर की तरह है। इससे डरने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी एहतियात अवश्य बरते।
सीएम ने स्वास्थकर्मियों को दी बधाई
कोविड-19 के नियंत्रण के लिये गठित टीम-09 की बैठक में शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनावों के उत्साह के बीच कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण, टेस्टिंग और ट्रेसिंग का महत्वपूर्ण कार्य भी लगातार जारी है। इसके लिये सभी स्वास्थ्यकर्मियों का हार्दिक अभिनन्दन। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों में एक लाख 80 हजार कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 844 नए कोरोना संक्रमित पाये गये। इसी अवधि में 1647 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। यह अच्छे संकेत हैं।
18 साल से अधिक के हर नागरिक को लग चुका है टीका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 28 करोड़ 51 हजार से अधिक कोविड टीके का सुरक्षा कवच नागरिकों को प्रदान किया जा चुका है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर नागरिक को टीका लग चुका है। 77 प्रतिशत से अधिक वयस्क टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। इसी तरह लगभग 86 प्रतिशत किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है और 28 फरवरी तक के लक्ष्य के सापेक्ष पात्र 92 प्रतिशत से अधिक लोगों को प्री-कॉशन डोज भी मिल चुकी है। किशोर वर्ग को टीके की दूसरी डोज भी दी जा रही है। अब तक 18 प्रतिशत किशोरों ने दूसरी डोज भी प्राप्त कर ली है। उन्होंने टीकाकरण लगातार जारी रखने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कोविड पॉजिटिव लोगों के परिजनों से नियमित अंतराल पर संवाद करने और होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे लोगों से संवाद कर उन्हें मेडिकल परामर्श, दवाएं आदि मुहैया कराने का भी निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: अज्ञात कार से टकराकर चाचा-भतीजे की हुई दर्दनाक मौत, शादी में जा रहे थे दोनों
